छत्तीसगढ़

पुलिस भाइयों की कलाई पर सजी राखी, छात्राओं ने जताया सम्मान और अपनत्व

पुलिस भाइयों की कलाई पर सजी राखी, छात्राओं ने जताया सम्मान और अपनत्व

सांकरा/सिहावा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नवज्योति विद्या मंदिर, सांकरा की छात्राओं ने सिहावा थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। संचालक मुकेश राव नन्नावारे के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्राओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान, आभार और भाईचारे की भावना व्यक्त की।

थाना परिसर में छात्राओं द्वारा पुलिस भाइयों की कलाई पर राखी बांधने का दृश्य भावुक और आत्मीय रहा। छात्राओं ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा और शांति के लिए तत्पर रहते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर उनके साथ पर्व मनाना उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।

इस अवसर पर सिहावा थाना प्रभारी टीआई उमेश पाटिल ने विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है। उन्होंने सभी छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कार्यक्रम के लिए विद्यालय परिवार का धन्यवाद ज्ञापित किया। थाना के समस्त पुलिसकर्मियों ने भी छात्राओं को आशीर्वाद प्रदान किया।

विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं और पुलिसकर्मियों के बीच आत्मीय संबंध और सामाजिक जुड़ाव का सुंदर उदाहरण बना। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि रक्षा का संकल्प केवल परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा करने वाले हर प्रहरी के प्रति सम्मान और विश्वास भी रक्षाबंधन की भावना का हिस्सा है।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य एवन कुमार निर्मलकर, सहायक शिक्षिकाएं श्रीमती ललिता साहू, श्रीमती दिनेश्वरी पटेल, कु. रीना साहू, कु. खिलेश्वरी साहू, श्रीमती दामिनी साहू, कु. शशिकला पटेल, कु. सरिता कश्यप, श्रीमती सुमन साहू, श्रीमती खेमेश्वरी निर्मलकर, कु. कामाक्षी पटेल, कु. सावित्री ध्रुव, कु. संध्या नागे एवं कु. लिपिका पटेल सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

रक्षाबंधन के इस अवसर पर नवज्योति विद्या मंदिर की छात्राओं ने राखी के माध्यम से पुलिसकर्मियों को यह एहसास कराया कि समाज की रक्षा में समर्पित पुलिस जवान भी हमारे अपने भाई हैं। छात्राओं की इस पहल की थाना परिसर में उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की।

Author Desk

Related Articles

Back to top button