रायपुर में चाकूबाजी से दहशत: 22 वर्षीय युवक की हत्या, पुलिस ने ट्रेन से भाग रहे 4 नाबालिगों को पकड़ा

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में गौसिया मस्जिद के पास रविवार रात 22 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या का मामला सामने आया है। घनी आबादी वाले इलाके में हुई इस वारदात से हडक़ंप मच गया। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए चार विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक, घटना 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि युवक का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दो हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक ने एक्टिवा से भागने की कोशिश की, लेकिन स्कूटी नाली में फंस गई और वह सडक़ पर गिर गया। इसके बाद पीछा कर रहे हमलावरों ने उस पर दोबारा हमला किया। मृतक की पहचान डंगनिया निवासी 22 वर्षीय अहमद खान के रूप में हुई है। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
गंभीर हालत में मिला युवक, अस्पताल में मौत
रायपुर पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अहमद खान को तत्काल उपचार के लिए एम्स अस्पताल, रायपुर पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी वारदात के बाद ट्रेन से रायपुर से बाहर भागने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने तत्काल आरपीएफ के साथ समन्वय किया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को बिलासपुर में और एक आरोपी को स्थानीय स्तर पर हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में पकड़े गए चारों आरोपी नाबालिग हैं और उन्हें विधि से संघर्षरत बालक के रूप में निरुद्ध किया गया है। सभी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है और पुलिस हत्या में उनकी भूमिका समेत वारदात के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
आपसी रंजिश में हत्या की बात सामने आई
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ और जांच में सामने आया है कि हत्या की वारदात आपसी रंजिश के चलते अंजाम दी गई। हालांकि विवाद की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पुलिस की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए चारों आरोपी नाबालिग हैं। इनमें से एक नाबालिग कुछ दिन पहले ही लूट के एक अन्य मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। पुलिस का कहना है कि बाहर आने के बाद उसने कथित तौर पर इस हत्या की वारदात में भी हिस्सा लिया। मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



