नशामुक्ति का संदेश लेकर रुद्री से गंगरेल तक निकली युवाओं की साइकिल रैली
‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 100वें संस्करण पर आयोजन, महापौर रामू रोहरा ने दिखाई हरी झंडी

नशामुक्ति का संदेश लेकर रुद्री से गंगरेल तक निकली युवाओं की साइकिल रैली
‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 100वें संस्करण पर आयोजन, महापौर रामू रोहरा ने दिखाई हरी झंडी
धमतरी=- नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को धमतरी में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत (माय भारत) धमतरी के तत्वावधान में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 100वें संस्करण के अवसर पर आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं ने साइकिल के माध्यम से नशे से दूर रहने, फिटनेस अपनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने रुद्री चौक से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली रुद्री से प्रारंभ होकर गंगरेल तक पहुंची। इस दौरान युवाओं ने नशामुक्ति, फिटनेस और खेल के प्रति जागरूकता फैलाते हुए समाज को सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया।

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और रचनात्मक गतिविधियों में करना चाहिए। स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
रैली के साथ आयोजित फिटनेस गतिविधियों ने भी युवाओं में खासा उत्साह भरा। अपर्णा शर्मा ने प्रतिभागियों को जुम्बा गतिविधि कराई और नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता तथा फिटनेस के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सुरेश कुमार साहू ने किया। जिला युवा अधिकारी श्रुति डोंगरे ने अतिथियों को सम्मान स्वरूप पौधे भेंट किए तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सहायक संचालक शिक्षा यदुनंदन वर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर चौधरी, सहायक खेल अधिकारी जे.पी. देव, विकासखंड खेल अधिकारी खिलेंद्र साहू, खेल अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर बांधे, एल.के. साहू, राजकुमार सिन्हा, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी मोहित बनपेला, रामकुमार विश्वकर्मा, सतवंत महिलांगे और कैलाश ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। माय भारत के युवा स्वयंसेवक योगेश्वर सिन्हा, संकेत कुमार साहू, ओम मरकाम, पूनमचंद सिन्हा और दुष्यंत सहित बड़ी संख्या में युवाओं एवं नागरिकों ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही अपने परिवार और समाज के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। रुद्री से गंगरेल तक निकली यह साइकिल रैली नशामुक्त समाज और स्वस्थ भारत के निर्माण के प्रति युवाओं की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बनी।



