छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री के मन की बात सुनने के बजाय, महापौर धमतरीवासियों के मन की बात सुने : सत्येंद्र (विशु) देवांगन

प्रधानमंत्री के मन की बात सुनने के बजाय, महापौर धमतरीवासियों के मन की बात सुने : सत्येंद्र (विशु) देवांगन

 

धमतरी। नगर निगम धमतरी में विकास कार्यों की धीमी गति, मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति और आम नागरिकों की लंबित समस्याओं को लेकर निगम के उपनेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र (विशु) देवांगन ने महापौर एवं सत्तारूढ़ जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

 

सत्येंद्र देवांगन (विशु) ने कहा कि शहर के बुजुर्गों की वृद्धावस्था पेंशन एवं दिव्यांगजनों की पेंशन पिछले पाँच महीनों से लंबित है। विडंबना यह है कि देश के सबसे बड़े महापर्व दीपावली पर भी जरूरतमंद बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को उनकी पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया। पेंशन उनके लिए किसी सरकारी सहायता मात्र का विषय नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने का महत्वपूर्ण सहारा है। इसके बावजूद उनकी समस्याओं के प्रति निगम प्रशासन की संवेदनशीलता दिखाई नहीं दे रही है।

 

उन्होंने कहा कि धमतरी शहर की सड़कों की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। जगह-जगह खराब सड़कों के कारण आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि अनेक विकास कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी हुए पाँच माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन निर्माण कार्य आज तक प्रारंभ नहीं हो सके हैं। वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद भी धरातल पर काम शुरू नहीं होना नगर निगम की कार्यप्रणाली, जवाबदेही और विकास के प्रति गंभीरता पर सवाल खड़े करता है। आखिर इन कार्यों को प्रारंभ करने में इतनी देरी क्यों हो रही है और इसके लिए जिम्मेदार कौन है?

 

सत्येंद्र देवांगन ने कहा कि शहर के अनेक वार्ड आज भी सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। नागरिक लगातार अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रख रहे हैं, लेकिन समाधान के नाम पर उन्हें केवल इंतजार करना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की समस्याओं को सुनना, प्रशासन को जवाबदेह बनाना और विकास कार्यों को समयसीमा में पूरा कराना है, न कि केवल आयोजनों में उपस्थित होकर फोटो खिंचवाना और प्रचार-प्रसार तक सीमित रहना।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मन की बात सुनना अपनी जगह है, लेकिन महापौर की पहली प्राथमिकता धमतरीवासियों के मन की बात सुनना और उनकी समस्याओं का समाधान करना होना चाहिए। शहर का विकास प्रचार और तस्वीरों से नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति, जवाबदेही और धरातल पर किए गए कार्यों से होता है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button