छत्तीसगढ़

भूपेश बघेल के पूर्व पीए केके चंद्रवंशी के घर ईडी की रेड, सुबह 6 बजे पहुंची टीम; दस्तावेजों की जांच जारी

भिलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पीए रहे केके चंद्रवंशी के पुरानी भिलाई स्थित आवास पर मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने छापेमारी की है। सुबह करीब 6 बजे ईडी के अधिकारी दो गाड़ियों में सवार होकर चंद्रवंशी के घर पहुंचे। इसके बाद टीम ने घर के अंदर दस्तावेजों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम में करीब 5 से 8 अधिकारी शामिल हैं। अधिकारी घर में मौजूद विभिन्न दस्तावेजों और कागजातों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर जवानों की तैनाती भी की गई है।

किस मामले में हुई कार्रवाई, अभी स्पष्ट नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ईडी की यह कार्रवाई किस मामले या प्रकरण से जुड़ी हुई है। जांच को लेकर एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में छापेमारी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसकी भी पुष्टि नहीं हो सकी है। ईडी की टीम फिलहाल केके चंद्रवंशी के निवास पर मौजूद है और दस्तावेजों की छानबीन जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

छापेमारी के बाद बढ़ सकती है सियासी हलचल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी रहे केके चंद्रवंशी के घर ईडी की कार्रवाई के बाद प्रदेश की सियासत गरमाने के आसार हैं। कार्रवाई को लेकर कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया और विरोध प्रदर्शन की संभावना भी जताई जा रही है। फिलहाल ईडी की टीम जांच में जुटी है। कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है और जांच के दौरान क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button