छत्तीसगढ़

कण्डेल में युवक की गला रेतकर हत्या का खुलासा, मामूली रंजिश बनी वजह

अर्जुनी पुलिस ने 18 वर्षीय आरोपी को किया गिरफ्तार, चाकू सहित घटना में प्रयुक्त सामान जब्त

कण्डेल में युवक की गला रेतकर हत्या का खुलासा, मामूली रंजिश बनी वजह

अर्जुनी पुलिस ने 18 वर्षीय आरोपी को किया गिरफ्तार, चाकू सहित घटना में प्रयुक्त सामान जब्त

 

धमतरी। थाना अर्जुनी क्षेत्र के ग्राम कण्डेल में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मामूली रंजिश एवं पूर्व विवाद के चलते 34 वर्षीय पारसमणी साहू की धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने ग्राम कण्डेल निवासी 18 वर्षीय यावेन्द्र कुमार ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

 

पुलिस के मुताबिक घटना 6 सितंबर की रात करीब 9 बजे की है। पारसमणी साहू, जो राजमिस्त्री का काम करता था, गांव के गौठान स्थित बरगद पेड़ के पास मौजूद था। इसी दौरान आरोपी ने पूर्व विवाद एवं रंजिश के चलते उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक शरद ताम्रकार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे। मृतक के पिता भारत राम साहू की रिपोर्ट पर थाना अर्जुनी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

 

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों, परिजनों और संदेहियों से पूछताछ की गई। विवेचना के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने कण्डेल निवासी यावेन्द्र कुमार ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में घटना में प्रयुक्त चाकू एवं अन्य सामान जब्त किया गया।

 

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 

पुलिस ने बताया कि एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी, फॉरेंसिक एवं साक्ष्य आधारित विवेचना के जरिए आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

Author Desk

Related Articles

Back to top button