छत्तीसगढ़

सुरक्षित और स्वच्छ भोजन से स्ट्रीट फूड कारोबार को मिलेगा नया आयाम

धमतरी में 140 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को दिया गया प्रशिक्षण, एसडीएम पीयूष तिवारी ने बांटे प्रमाण-पत्र

सुरक्षित और स्वच्छ भोजन से स्ट्रीट फूड कारोबार को मिलेगा नया आयाम

धमतरी में 140 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को दिया गया प्रशिक्षण, एसडीएम पीयूष तिवारी ने बांटे प्रमाण-पत्र

धमतरी, 7 सितंबर। खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण भोजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, धमतरी द्वारा स्ट्रीट फूड वेंडर्स एवं पथ खाद्य विक्रेताओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस 140 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन तैयार करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धमतरी पीयूष तिवारी ने प्रमाण-पत्र वितरित किए।

प्रशिक्षण के दौरान वेंडर्स को खाद्य पदार्थों की स्वच्छता, सुरक्षित रख-रखाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई तथा भोजन को दूषित होने से बचाने के उपायों की जानकारी दी गई। पीपीटी, एनिमेटेड वीडियो एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से खाद्य सुरक्षा के नियमों को सरल तरीके से समझाया गया।

विभाग ने बताया कि खाद्य सुरक्षा और मानक (अनुज्ञापन एवं रजिस्ट्रीकरण) विनियम, 2011 की अनुसूची-4 में खाद्य कारोबारियों के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश निर्धारित हैं। इनका पालन करने से उपभोक्ताओं को सुरक्षित भोजन मिलने के साथ ही कारोबारियों के प्रति लोगों का विश्वास भी बढ़ता है।

कार्यक्रम में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले वेंडर्स को निःशुल्क सेफ्टी किट भी प्रदान की गई। किट में एप्रन, कैप, ग्लव्स, साबुन, तौलिया, डस्टर एवं हेडगियर सहित आवश्यक सामग्री शामिल रही। इसके अलावा प्रतिभागियों को FoSTaC प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, ‘गोल्डन रूल्स’ बुकलेट तथा नेस्ले एवं नासवी का संयुक्त प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि स्ट्रीट फूड कारोबारियों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ने से उपभोक्ताओं को बेहतर और स्वास्थ्यकर भोजन उपलब्ध होगा। साथ ही खाद्य जनित बीमारियों की रोकथाम के साथ वेंडर्स के व्यवसाय और आजीविका को भी दीर्घकालीन लाभ मिलेगा।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले के सभी स्ट्रीट फूड वेंडर्स एवं पथ खाद्य विक्रेताओं से अपील की है कि वे खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के निर्धारित मानकों का नियमित रूप से पालन करें और विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Author Desk

Related Articles

Back to top button