छत्तीसगढ़

अवैध रेत खनन और भारी वाहनों से सड़कों का बुरा हाल

जनजीवन प्रभावित, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; आंदोलन की चेतावनी

अवैध रेत खनन और भारी वाहनों से सड़कों का बुरा हाल

जनजीवन प्रभावित, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; आंदोलन की चेतावनी

धमतरी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और भारी वाहनों के अनियंत्रित परिवहन को लेकर सियासत गरमा गई है। सड़कों की बदहाल स्थिति और आम लोगों की बढ़ती परेशानियों को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने अवैध रेत खदानों पर तत्काल कार्रवाई करने के साथ ही जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।

 

ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि धमतरी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में नियमों को ताक पर रखकर अवैध रेत खदानें संचालित की जा रही हैं। इन खदानों से दिन-रात ओवरलोड ट्रक और ट्रैक्टर शहर के बीच से होकर गुजर रहे हैं। भारी वाहनों के लगातार आवागमन का सीधा असर शहर की सड़कों पर पड़ रहा है। कांग्रेस के अनुसार, शहर की प्रमुख सिहावा रोड भी भारी वाहनों के दबाव के चलते जर्जर हो चुकी है।

 

सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं भारी वाहनों के चलते उड़ने वाली धूल से सड़क किनारे रहने वाले लोगों और व्यापारियों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

 

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ब्लॉक अध्यक्ष गौतम वाधवानी और योगेश शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की नाक के नीचे अवैध रेत उत्खनन का खेल चलने का आरोप लगाते हुए कहा कि खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन को इस पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि अवैध खदानों की जांच कर उन्हें बंद कराया जाए तथा शहर के भीतर भारी वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश पर रोक लगाई जाए।

 

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते अवैध रेत उत्खनन और भारी वाहनों की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तथा सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो शहर कांग्रेस आम जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगी।

 

ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष गौतम वाधवानी, ब्लॉक अध्यक्ष योगेश शर्मा, देवेंद्र देवांगन, जैनुद्दीन रिजवी, दीपक साहू, मोहन ध्रुव, शंकर माखीजा, राजू कुरैशी, गोपाल कामड़े, हेमंत सेन, अकील अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button