छत्तीसगढ़

फोरलेन प्रभावितों ने कलेक्टर को बताई समस्याएं

सघन बस्ती में चौड़ाई कम करने और सर्वे कराने का मिला आश्वासन

फोरलेन प्रभावितों ने कलेक्टर को बताई समस्याएं

 

सघन बस्ती में चौड़ाई कम करने और सर्वे कराने का मिला आश्वासन

 

धमतरी। अंबेडकर चौक से रुद्री तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर प्रभावित क्षेत्र के रहवासियों ने कलेक्टर अविनाश मिश्रा से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और चिंताओं से अवगत कराया। गोकुलपुर, महात्मा गांधी वार्ड सहित सड़क किनारे रहने वाले रहवासियों ने विशेष रूप से गोकुलपुर भाटगांव चौक से कर्मा चौक तक प्रस्तावित चौड़ीकरण को लेकर अपनी बात रखी।

 

रहवासियों ने बताया कि गोकुलपुर भाटगांव चौक से कर्मा चौक तक घनी आबादी वाली बस्ती है। यदि निर्धारित मापदंड के अनुसार फोरलेन का निर्माण किया जाता है तो बड़ी संख्या में मकान आधे से अधिक हिस्से तक प्रभावित हो सकते हैं। कई परिवारों के मुखिया अपने घरों के सामने दुकान या छोटे व्यवसाय संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में मकान और दुकान टूटने से न केवल आवास की समस्या उत्पन्न होगी, बल्कि लोगों की रोजी-रोटी भी प्रभावित होगी।

 

रहवासियों ने स्पष्ट किया कि वे सड़क चौड़ीकरण के विरोध में नहीं हैं। उनका कहना है कि विकास जरूरी है, लेकिन सघन बस्ती को ध्यान में रखते हुए सड़क की चौड़ाई कम कर टू-लेन व्यवस्था रखी जाए, ताकि सड़क निर्माण भी हो और लोगों के घर व व्यवसाय भी कम से कम प्रभावित हों।

 

इस दौरान कलेक्टर अविनाश मिश्रा, एसडीएम पीयूष तिवारी तथा पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावितों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने रहवासियों को आश्वस्त किया कि सघन बस्ती वाले हिस्से में सड़क की चौड़ाई कम करने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही डिवाइडर की चौड़ाई कम करने और पाथवे को हटाने के विकल्प पर भी विचार किया जाएगा।

 

कलेक्टर ने बताया कि इस संबंध में जल्द ही सर्वे टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं रहवासियों ने इस मामले में जल्द महापौर से भी मुलाकात कर अपनी मांग रखने की बात कही।

 

कलेक्टर से मुलाकात करने वालों में बाबूलाल यदु, विजय पुरी गोस्वामी, दीपक दुबे, राजा भोजवानी, रामकुंवर साहू, महेश कुमार नारवानी, मुकेश वर्मा, सुरेंद्र साहू, भूपेंद्र साहू, प्रशांत जाधव, चंद्रहास साहू, मनोज यदु, सुरीत राम साहू, हेमंत यादव, उत्तम साहू, रविंद्र सेन, शिव कुमार साहू, चुंकेश्वर प्रसाद नागेंद्र, पारस साहू, तरुण साहू, किशोर कुमार वाही, हातिम खान, उदार साहू, महेंद्र कुमार साहू, नरेंद्र साहू, भुनेश्वरी साहू, इंद्राणी साहू, हेमलता साहू, भारती साहू, देवश्री साहू, गणेशुराम साहू, संतोष साहू सहित अन्य रहवासी मौजूद थे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button