छत्तीसगढ़

त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक में बनी सहमति

मकई चौक में नहीं लगेगा मंच-पंडाल, गांधी मैदान में होगा धरना-पुतला दहन; सदर बाजार में लागू होगी वन-वे व्यवस्था

त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक में बनी सहमति

 

मकई चौक में नहीं लगेगा मंच-पंडाल, गांधी मैदान में होगा धरना-पुतला दहन; सदर बाजार में लागू होगी वन-वे व्यवस्था

 

धमतरी। आगामी त्योहारों एवं महत्वपूर्ण आयोजनों को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ सामाजिक-धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस दौरान त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था, ध्वनि प्रदूषण, सार्वजनिक स्थानों के उपयोग तथा आयोजनों की अनुमति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

 

बैठक में तय किया गया कि जिले में कोई भी बड़ा आयोजन सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना आयोजित नहीं किया जाएगा। मकई चौक में मंच एवं पंडाल लगाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं धरना एवं पुतला दहन जैसे कार्यक्रमों के लिए गांधी मैदान निर्धारित करने पर सहमति बनी।

 

त्योहारों के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सदर बाजार में एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया। इससे बाजार क्षेत्र में यातायात को सुचारु रखने और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा देने का प्रयास किया जाएगा।

 

बैठक में महापौर रामू रोहरा ने दशहरा तथा आगामी वर्ष जन्माष्टमी के आयोजन परेड ग्राउंड में कराने का सुझाव दिया, जिस पर उपस्थित सदस्यों ने सहमति जताई। इससे बड़े आयोजनों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सुविधा होगी।

 

अधिकारियों ने सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की। विशेष रूप से कोलाहल अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित समय और सीमा के भीतर ही उपयोग करने पर जोर दिया गया।

 

बैठक में महापौर रामू रोहरा, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पटेल, एसडीएम पीयूष तिवारी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button