मंत्रालय में नौकरी और पारिजात भवन दिलाने के नाम पर 9 लाख से अधिक की ठगी, दो गिरफ्तार

मंत्रालय में नौकरी और पारिजात भवन दिलाने के नाम पर 9 लाख से अधिक की ठगी, दो गिरफ्तार
धमतरी। मंत्रालय में नौकरी और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का पारिजात भवन दिलाने का झांसा देकर 9 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले दो आरोपियों को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धोखाधड़ी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
होटल में हुई थी मुलाकात
मामले में भानपुरी, थाना गुरूर जिला बालोद निवासी मनीष साहू (27) ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में उसकी मुलाकात शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से हुई। दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए गृह निर्माण मंडल से पारिजात भवन का आवंटन कराने का झांसा दिया।
आरोपियों ने विश्वास में लेने के लिए प्रार्थी को मंत्रालय स्थित महानदी भवन भी ले जाकर बाहर खड़ा किया। इसके बाद पारिजात भवन की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताते हुए आवास दिलाने का भरोसा दिया गया।
अलग-अलग माध्यमों से लिए 9.08 लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने प्रार्थी से विभिन्न बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के माध्यम से किश्तों में कुल 9 लाख 8 हजार रुपये लिए। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा और भारतीय स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए गए।
बाद में जब प्रार्थी को ठगी का एहसास हुआ और उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने कथित रूप से 2 लाख 98 हजार 999 रुपये वापस किए, जबकि शेष रकम वापस नहीं की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी
शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद दोनों को 20 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. शशि प्रभा साहू (50 वर्ष), पति प्रीतम साहू, स्थायी निवासी जंगल पारा, गांधी नगर, नगरी, जिला धमतरी; वर्तमान पता कमल विहार कॉलोनी, रायपुर, ब्लॉक-ई, क्वार्टर नंबर 120।
2. अमित कुमार देवांगन (38 वर्ष), पिता स्व. सुखराम देवांगन, निवासी पारागांव, वार्ड क्रमांक 12, परमेश्वरी मंदिर के पीछे, भाठापारा, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मकान, नौकरी या शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर किसी अज्ञात या अनधिकृत व्यक्ति को रकम न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।



