छत्तीसगढ़

लाल बगीचा वार्ड में पाइपलाइन लीकेज का आयुक्त ने लिया संज्ञान

नाली निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की जल्द मरम्मत के निर्देश, ठेकेदार को नोटिस जारी करने कहा

लाल बगीचा वार्ड में पाइपलाइन लीकेज का आयुक्त ने लिया संज्ञान

 

नाली निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की जल्द मरम्मत के निर्देश, ठेकेदार को नोटिस जारी करने कहा

 

धमतरी/ नगर पालिक निगम धमतरी के लाल बगीचा वार्ड में नाली निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से हुए लीकेज की जानकारी मिलने पर निगम आयुक्त श्री अरुण कुमार वर्मा ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

उन्होंने निर्माणाधीन नाली कार्य का जायजा लेते हुए पाइपलाइन लीकेज की स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री वर्मा ने पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार को तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन को प्राथमिकता के आधार पर जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि वार्डवासियों को पेयजल आपूर्ति से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाइपलाइन मरम्मत कार्य की नियमित निगरानी की जाए और मरम्मत पूर्ण होने के बाद पाइपलाइन तथा पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जांच भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा तकनीकी सावधानी के साथ कार्य कराने के निर्देश दिए।

 

आयुक्त श्री वर्मा ने संबंधित ठेकेदार को पाइपलाइन की क्षति के संबंध में नोटिस जारी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं सावधानी के साथ किया जाना चाहिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

निगम प्रशासन द्वारा शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों के दौरान नागरिक सुविधाओं को प्रभावित होने से बचाने तथा सामने आने वाली तकनीकी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संबंधित निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं निर्माण कार्य से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button