छत्तीसगढ़

मकई तालाब के पुनर्जीवन को मिली 8.25 करोड़ की बड़ी सौगात

मिशन अमृत 2.0 के तहत 825.34 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति, ऐतिहासिक तालाब को मिलेगा नया स्वरूप

मकई तालाब के पुनर्जीवन को मिली 8.25 करोड़ की बड़ी सौगात

मिशन अमृत 2.0 के तहत 825.34 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति, ऐतिहासिक तालाब को मिलेगा नया स्वरूप

धमतरी। शहर के ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण जलस्रोत मकई तालाब के पुनर्जीवन की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मिशन अमृत 2.0 के तहत तालाब के रिज्यूविनेशन (पुनर्जीवन) कार्य के लिए 825.34 लाख रुपये यानी 8 करोड़ 25 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से मकई तालाब को व्यवस्थित और बेहतर स्वरूप देने की दिशा में विभिन्न कार्य किए जाएंगे। स्वीकृत राशि में 5 वर्षों के संचालन एवं संधारण की व्यवस्था भी शामिल है।

महापौर रामू रोहरा ने इस स्वीकृति को धमतरी शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि मकई तालाब का पुनर्जीवन केवल तालाब विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शहर के जलस्रोतों के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जाने वाला महत्वपूर्ण कार्य है।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत राज्य स्तरीय हाई पावर स्टेयरिंग कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णयों के परिप्रेक्ष्य में राज्य शासन द्वारा नगर पालिक निगम धमतरी को यह स्वीकृति प्रदान की गई है।

शहर की पहचान से जुड़ा है मकई तालाब

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि मकई तालाब धमतरी की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण जलस्रोत है। इसके पुनर्जीवन से तालाब की उपयोगिता बढ़ेगी और आसपास के क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। योजना के तहत तालाब को व्यवस्थित, आकर्षक और बेहतर स्वरूप प्रदान करने की दिशा में आवश्यक कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि धमतरी के पुराने एवं महत्वपूर्ण जलस्रोतों का संरक्षण करते हुए उन्हें शहर के विकास का हिस्सा बनाया जाए। मकई तालाब का पुनर्जीवन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सरकार के सहयोग से विकास कार्यों को मिल रही गति

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार, उपमुख्यमंत्री अरूण साव के मार्गदर्शन तथा प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और सांसद रूपकुमारी चौधरी के सहयोग से धमतरी में विकास कार्यों को गति मिल रही है। नगर निगम द्वारा सड़क, नाली, जल व्यवस्था, तालाब संरक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

महापौर ने जताया आभार

महापौर रामू रोहरा ने मकई तालाब के पुनर्जीवन के लिए मिली 825.34 लाख रुपये की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से धमतरी के विकास को नई दिशा मिल रही है और नगर निगम का प्रयास है कि शहर के जलस्रोत सुरक्षित रहें तथा धमतरी को बेहतर, सुंदर एवं सुविधायुक्त शहर के रूप में विकसित किया जाए।

Author Desk

Related Articles

Back to top button