धमतरी में 11 अक्टूबर को सजेगा लोक संस्कृति का रंग, ‘लोक कला यात्रा-2026’ में दिखेगी देशभर की लोक परंपराओं की झलक

धमतरी में 11 अक्टूबर को सजेगा लोक संस्कृति का रंग, ‘लोक कला यात्रा-2026’ में दिखेगी देशभर की लोक परंपराओं की झलक
धमतरी। भारत की समृद्ध लोक एवं आदिवासी संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘लोक कला यात्रा-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार, दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र नागपुर एवं युगपथ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में छह राज्यों के लोक एवं आदिवासी नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां एक ही मंच पर देखने को मिलेंगी।
‘छह राज्य, छह रंग, एक मंच’ की थीम पर आयोजित इस सांस्कृतिक यात्रा में महाराष्ट्र का लावणी नृत्य, छत्तीसगढ़ का पंथी नृत्य, आंध्र प्रदेश का तपेड़ा गुम्मलु नृत्य, मध्य प्रदेश का बरेड़ी नृत्य, कर्नाटक का कम्माटी नृत्य तथा तेलंगाना का ओग्गू डोल नृत्य प्रमुख आकर्षण होंगे।
लोक कला यात्रा के तहत 9 अक्टूबर को कांकेर के मेला मैदान, 10 अक्टूबर को बालोद के कचहरी चौक तथा 11 अक्टूबर को धमतरी के गोशाला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का समय शाम 6 बजे निर्धारित है।
आयोजकों के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य देश के विभिन्न अंचलों की लोक कलाओं, पारंपरिक नृत्यों और आदिवासी संस्कृति को एक मंच प्रदान करना तथा नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। धमतरी में होने वाले कार्यक्रम को लेकर कला एवं संस्कृति प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।



