छत्तीसगढ़

31 अक्टूबर को निकलेगी भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली, 10 हजार कार्यकर्ताओं की सहभागिता का लक्ष्य

31 अक्टूबर को निकलेगी भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली, 10 हजार कार्यकर्ताओं की सहभागिता का लक्ष्य­

 

रैली की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में हुई महत्वपूर्ण बैठक, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला रायपुर द्वारा कांग्रेस के खिलाफ 31 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली निकाली जाएगी। रैली की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रैली की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। रैली में 10 हजार कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 

जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने रैली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने पार्षदों, मंडल अध्यक्षों एवं पार्टी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में समन्वय स्थापित कर कार्यकर्ताओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। रैली सुभाष स्टेडियम से प्रारंभ होकर घड़ी चौक पर सभा के रूप में संपन्न होगी।

 

कार्यक्रम संयोजक पुरंदर मिश्रा ने रैली की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस समाज में भ्रम फैलाने और झूठ की राजनीति करने का प्रयास कर रही है।

 

रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री के प्रति कथित अपमानजनक भाषा के प्रयोग पर आपत्ति जताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मर्यादाओं के पक्ष में आवाज बुलंद करने और विरोध प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने संगठनात्मक एकजुटता पर जोर देते हुए सभी पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संपर्क एवं समन्वय स्थापित कर रैली को सफल बनाने की अपील की।

 

मीडिया प्रभारी रोहित द्विवेदी ने बताया कि बैठक को विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू एवं जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा ने भी संबोधित किया। नेताओं ने रैली की सफलता के लिए संगठन की शक्ति, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

 

बैठक में प्रदेश मंत्री जयंती पटेल, अमित साहू सहित जिले में निवासरत निगम, मंडल एवं आयोगों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, मंडल प्रभारी और पार्षदगण उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button