सड़क किनारे ठेला-गुमटी लगाने वालों को सीएमओ की चेतावनी, आदेश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई
दीपावली के मद्देनजर आम रास्तों, नालियों और फुटपाथ पर दुकान लगाने पर रोक, सामग्री जब्ती के साथ लगेगा जुर्माना

सड़क किनारे ठेला-गुमटी लगाने वालों को सीएमओ की चेतावनी, आदेश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई
दीपावली के मद्देनजर आम रास्तों, नालियों और फुटपाथ पर दुकान लगाने पर रोक, सामग्री जब्ती के साथ लगेगा जुर्माना
भखारा (प्रखर)। दीपावली पर्व को देखते हुए नगर पंचायत भखारा ने बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) हरिकिशन पावरिया ने नगर के समस्त व्यापारियों एवं ठेला-गुमटी संचालकों को सड़क किनारे तथा आम रास्तों पर अतिक्रमण कर दुकान नहीं लगाने की चेतावनी दी है।
सीएमओ ने अपील करते हुए कहा है कि दीपावली त्यौहार के चलते बाजारों में इन दिनों लोगों की भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में दुकानदारों द्वारा आम रास्तों, नालियों एवं फुटपाथ पर दुकान अथवा सामग्री रखने से आवागमन बाधित होता है। इससे दुर्घटना और किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने सभी दुकानदारों को निर्देशित किया है कि आम रास्तों को पूरी तरह बाधा मुक्त रखते हुए ही अपनी दुकान संचालित करें। सड़क पर किसी भी प्रकार की सामग्री, विज्ञापन बोर्ड अथवा ठेला स्थायी रूप से न रखें, ताकि आम नागरिकों को आने-जाने में परेशानी न हो।
सीएमओ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्देशों की अवहेलना करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में दुकान की सामग्री जब्त करने के साथ छत्तीसगढ़ नगर पालिक अधिनियम के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई एवं जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर पंचायत प्रशासन ने व्यापारियों से त्यौहार के दौरान सहयोग बनाए रखने और जनसुरक्षा एवं सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।


