रायपुर में छात्रावास अधीक्षकों की हुंकार, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय हड़ताल
विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने धरना स्थल पहुंचकर दिया समर्थन, मांगों के निराकरण तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान

रायपुर में छात्रावास अधीक्षकों की हुंकार, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय हड़ताल
विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने धरना स्थल पहुंचकर दिया समर्थन, मांगों के निराकरण तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल में छात्रावास अधीक्षकों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेशभर से पहुंचे छात्रावास अधीक्षकों ने अपनी लंबित मांगों और सेवा संबंधी विसंगतियों को लेकर शासन के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए शीघ्र निराकरण की मांग उठाई।

आंदोलन को उस समय और मजबूती मिली, जब विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने धरना स्थल पहुंचकर छात्रावास अधीक्षक संघ के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के जिला संयोजक पीताम्बर पटेल, छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रामचंद्र टांडी एवं आदिम जाति कल्याण विभाग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष धन्नू लाल देवांगन ने आंदोलनकारियों के बीच पहुंचकर उनकी मांगों को जायज बताया।
इस अवसर पर कर्मचारी नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगों और सेवा संबंधी समस्याओं का निराकरण करना शासन की जिम्मेदारी है। कर्मचारी संगठनों की एकजुटता ही उनकी आवाज को मजबूती प्रदान करती है।
24 घंटे की ड्यूटी और पदोन्नति के अवसरों का अभाव बना बड़ी समस्या

छात्रावास अधीक्षक संघ की रायपुर जिला अध्यक्ष मंजू कुर्रे ने कहा कि छात्रावास अधीक्षक अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य करते हैं। छात्रावासों में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा, भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा और दैनिक देखरेख की पूरी जिम्मेदारी अधीक्षकों पर होती है। इसके बावजूद उनकी सेवा परिस्थितियों, कार्य अवधि और पदोन्नति से जुड़ी समस्याओं पर लंबे समय से अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्रावास अधीक्षकों से 24 घंटे उपलब्ध रहने की अपेक्षा की जाती है। विशेषकर महिला अधीक्षिकाओं को इस व्यवस्था के कारण पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं वर्षों तक अधीक्षक के पद पर सेवा देने के बाद भी पदोन्नति एवं कैरियर उन्नयन के पर्याप्त अवसर नहीं मिलना कर्मचारियों के भविष्य के साथ जुड़ा गंभीर विषय है।
सम्मानजनक सेवा व्यवस्था की मांग
संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रावास अधीक्षक अपने कर्तव्यों से पीछे नहीं हट रहे हैं, बल्कि वे ऐसी व्यवहारिक और न्यायसंगत व्यवस्था चाहते हैं, जिसमें छात्रावासों का संचालन भी बेहतर तरीके से हो और कर्मचारियों को भी सम्मानजनक सेवा परिस्थितियां मिल सकें।
धरना स्थल पर विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों की मौजूदगी ने कर्मचारी एकता का संदेश दिया। सभी ने छात्रावास अधीक्षकों की मांगों के निराकरण के लिए सामूहिक आवाज बुलंद करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो जारी रहेगा आंदोलन
संघ ने शासन से पांच सूत्रीय मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल आगामी संघर्ष की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मांगों का निराकरण नहीं होने की स्थिति में संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।
अंत में छात्रावास अधीक्षक संघ ने आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे सभी कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



