छत्तीसगढ़

संसार के त्याग से आत्मसुख की प्राप्ति का मार्ग है संयम : रत्ननिधि श्री जी महाराज साहेब

श्री पार्श्वनाथ जिनालय में मुमुक्षुओं का श्रीसंघ ने किया भव्य स्वागत-अभिनंदन, त्याग और तपस्या के मार्ग पर बढ़ने के लिए किया सम्मानित

संसार के त्याग से आत्मसुख की प्राप्ति का मार्ग है संयम : रत्ननिधि श्री जी महाराज साहेब

 

श्री पार्श्वनाथ जिनालय में मुमुक्षुओं का श्रीसंघ ने किया भव्य स्वागत-अभिनंदन, त्याग और तपस्या के मार्ग पर बढ़ने के लिए किया सम्मानित

 

धमतरी। धर्मनगरी धमतरी के श्री पार्श्वनाथ जिनालय, इतवारी बाजार में परम पूज्य प्रवर्तनी महोदया कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका निपूर्णा श्री जी महाराज साहेब की सुशिष्या, प्रवचन प्रवीणा परम पूज्य स्नेहयशा श्री जी महाराज साहेब की अंतेवासिनी परम पूज्य रत्ननिधि श्री जी महाराज साहेब आदि ठाणा-4 चातुर्मास हेतु विराजित हैं। इसी क्रम में आज के प्रवचन में परम पूज्य रत्ननिधि श्री जी महाराज साहेब ने कार्तिक पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का दिन जिनशासन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी पावन दिवस पर गिरिराज तीर्थ से पुंडरीक स्वामी जी 10 करोड़ मुनियों के साथ मोक्ष पधारे थे। गिरिराज तीर्थ का कण-कण पावन है, जहां से अनंत आत्माओं ने मोक्ष प्राप्त किया है। इसलिए यह तीर्थ पूजनीय एवं वंदनीय है।

oplus_0

महाराज साहेब ने कहा कि आज हमें भी इस पवित्र तीर्थ की भावयात्रा करने का अवसर मिला है। हमें प्रयास करना चाहिए कि भावयात्रा के माध्यम से अपने भव को सुधार सकें, क्योंकि हमारे भाव ही आने वाले भव की दशा और दिशा तय करते हैं। जैसा हमारा भाव होता है, वैसा ही भव प्राप्त होता है। यदि भव सुधारना है तो सबसे पहले अपने भावों को सुधारना होगा।

 

उन्होंने मुमुक्षुओं के स्वागत-अभिनंदन के अवसर पर कहा कि वास्तव में सम्मान इनका नहीं, बल्कि इनके त्याग और तपस्या का हो रहा है। संसार में रहकर संसार का त्याग करना कोई आसान कार्य नहीं है। यह वीरों का मार्ग है। धन्य हैं वे मुमुक्षु, जिन्होंने ऐसा महान पुरुषार्थ किया। साथ ही इनके माता-पिता और परिवारजन भी बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने इन्हें इस मार्ग पर जाने से रोकने के बजाय उत्साह बढ़ाकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

oplus_0

महाराज साहेब ने कहा कि दीक्षा के पश्चात मुमुक्षु अपने माता-पिता की शरण छोड़कर गुरु की शरण स्वीकार करेंगे। उन्हें जीवनभर गुरु आज्ञा का पालन करना होगा, क्योंकि गुरु ही प्रभु बनने का मार्ग बता सकते हैं।

 

श्रीसंघ ने मुमुक्षुओं एवं उनके माता-पिता का किया अभिनंदन

इस अवसर पर जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ धमतरी एवं चातुर्मास व्यवस्था समिति की ओर से सभी मुमुक्षुओं एवं उनके माता-पिता का स्वागत-सम्मान किया गया तथा अभिनंदन पत्र भेंट कर उनके त्याग एवं संयम के संकल्प की अनुमोदना की गई।

 

कार्यक्रम में पांच मुमुक्षुओं का परिचय देते हुए उनकी आगामी दीक्षा तिथियों की जानकारी दी गई।

1. मुमुक्षु सुश्री राखी चोपड़ा (फिंगेश्वर) — वीरपिता श्री निर्मल जी चोपड़ा एवं वीरमाता श्रीमती शोभा जी चोपड़ा। इनकी दीक्षा 8 फरवरी 2027 को नमीउण तीर्थ में संपन्न होगी।

2. मुमुक्षु सुश्री प्रीति श्रीश्रीमाल (भिलाई) — वीरपिता श्री बंसीलाल जी श्रीश्रीमाल एवं वीरमाता श्रीमती मूलीदेवी श्रीश्रीमाल। इनकी दीक्षा 27 जनवरी 2027 को जयपुर मोहनबाड़ी में संपन्न होगी।

3. मुमुक्षु सुश्री दर्शिता जी नाहटा (दल्लीराजहरा) — वीरपिता श्री चन्द्रेश जी नाहटा एवं वीरमाता श्रीमती मीना जी नाहटा। इनकी दीक्षा 27 जनवरी 2027 को जयपुर मोहनबाड़ी में संपन्न होगी।

4. मुमुक्षु सुश्री राशि नाहटा — वीरपिता श्री कुशल जी नाहटा एवं वीरमाता श्रीमती पिंकी जी नाहटा। इनकी दीक्षा 27 जनवरी 2027 को जयपुर मोहनबाड़ी में संपन्न होगी।

5. मुमुक्षु श्री निपूर्ण बैद (रायपुर) — वीरपिता श्री प्रशांत जी बैद एवं वीरमाता श्रीमती मोहिनी जी बैद। इनकी दीक्षा 27 जनवरी 2027 को जयपुर मोहनबाड़ी में संपन्न होगी।

 

संयम त्याग का नहीं, आत्मकल्याण के पुरुषार्थ का मार्ग है : मुमुक्षु दर्शिता जी

 

इस अवसर पर मुमुक्षु बहन सुश्री दर्शिता जी नाहटा ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी को लगता होगा कि हम सुख-सुविधाओं को छोड़कर दीक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जबकि हमारी दृष्टि में हम बाहरी सुविधाओं को छोड़कर आत्मसुख प्राप्त करने के मार्ग पर अग्रसर हो रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि संसार में हम जीवनभर माता-पिता की आज्ञा से कार्य करते हैं, लेकिन केवल माता-पिता को छोड़ देना ही संयम नहीं है। जीवनभर गुरु की आज्ञा में चलना ही वास्तविक संयम है। संयम गुरु के माध्यम से प्रभु को पाने का मार्ग है। यही संयम इस कलियुग में भी आत्मा के वास्तविक सुख की अनुभूति करा सकता है।

oplus_0

उन्होंने कहा कि संयम जीवन बहुमूल्य रत्न के समान है। मैं संयम ग्रहण कर परम शांति प्राप्त करने का पुरुषार्थ करूंगी। संयम त्याग का नहीं, बल्कि आत्मकल्याण के प्रयास का मार्ग है। ज्ञानी भगवंत कहते हैं कि हाथ में रजोहरण लेना बड़ी बात नहीं, बल्कि रजोहरण का भाव दिल में आना बड़ी बात है। मेरा भी यही प्रयास रहेगा कि मेरे हृदय में रजोहरण के भाव जागृत हों। यदि हमें संसार के अनंत भवों के भ्रमण का अंत करना है तो अपने हृदय में संयम और त्याग के भाव धारण करने होंगे।

कार्यक्रम में भंवरलाल छाजेड़, लूणकरण गोलछा, लक्ष्मीलाल लुनिया, विजय गोलछा, प्रकाश गोलछा, वीरेंद्र गोलछा, पारसमल गोलछा, श्याम डागा, प्रकाश लोढ़ा, अमित लोढ़ा, मनोज कटारिया, मोतीलाल चोपड़ा, संकेत पारख, कुशल चोपड़ा, सुरेश बच्छावत, विमल पारख, अलित बुरड़, चमेली चोपड़ा, ललिता लुनिया, पूजा लुनिया, ज्योति लुनिया, चंदा गोलछा, ममता गोलछा, राजकुमारी पारख सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button