छत्तीसगढ़

सम्मान समारोह के मंच का राजनीतिकरण मितानिन दीदियों का अपमान – कविंद्र जैन

कार्यकर्ता सम्मेलन और मितानिन सम्मान समारोह का एक ही मंच से आयोजन राजनीतिक शुचिता के विरुद्ध

सम्मान समारोह के मंच का राजनीतिकरण मितानिन दीदियों का अपमान – कविंद्र जैन

 

कार्यकर्ता सम्मेलन और मितानिन सम्मान समारोह का एक ही मंच से आयोजन राजनीतिक शुचिता के विरुद्ध

 

भूपेश बघेल को इसके लिए माफी मांगना चाहिए

 

धमतरी। धमतरी की पुरानी कृषि उपज मंडी में कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम को लेकर भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री कविंद्र जैन ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ मितानिन सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।

 

श्री जैन ने कहा कि मितानिन दीदियां स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में समर्पित भाव से काम करती हैं। उनका किसी राजनीतिक दल से कोई संस्थागत संबंध नहीं है। वे समाज के प्रत्येक वर्ग की सेवा करती हैं। ऐसे में उनके सम्मान के नाम पर राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करना और उन्हें उसमें आमंत्रित करना मितानिन कार्यक्रम की निष्पक्ष पहचान और गरिमा पर सवाल खड़े करता है।

 

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संभवतः जिले में कांग्रेस को अपने कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए अपेक्षित संख्या में कार्यकर्ता जुटाने में कठिनाई हो रही है। यही कारण है कि कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ मितानिन सम्मान समारोह को भी जोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ओंकार साहू ने अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए मितानिन दीदियों को कांग्रेस के राजनीतिक कार्यक्रम में आमंत्रित किया और उन्हें ऐसे आयोजन का हिस्सा बनाया, जिसकी प्रकृति पूरी तरह राजनीतिक थी।

 

श्री जैन ने कहा कि मितानिन दीदियों का कार्य समाज में अत्यंत महत्वपूर्ण और सम्मानजनक है। यदि विधायक को वास्तव में उनका सम्मान करना था, तो इस आयोजन को पूर्णतः गैर-राजनीतिक रखा जाना चाहिए था। यह कार्यक्रम कांग्रेस संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित हुआ। स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंच पर उपस्थित थे और इसी मंच से उनके हाथों कुछ व्यक्तियों का तथाकथित रूप से कांग्रेस प्रवेश भी कराया गया। इस गलती के लिए स्वयं भूपेश बघेल को माफी मांगना चाहिए।

 

ऐसे विशुद्ध राजनीतिक आयोजन को मितानिन सम्मान समारोह का नाम देना और उसमें मितानिन दीदियों की उपस्थिति को जोड़ना उनके सम्मान की भावना के विपरीत है। सम्मान के नाम पर आयोजित मंच को पार्टी के राजनीतिक कार्यक्रम और सदस्यता गतिविधियों का हिस्सा बनाना उचित नहीं कहा जा सकता।

 

श्री जैन ने विधायक ओंकार साहू से सीधे सवाल करते हुए कहा कि उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि मितानिन दीदियों को किस हैसियत से और किस उद्देश्य से इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था? क्या उन्हें यह जानकारी थी कि जिस कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित करने के लिए बुलाया जा रहा है, उसी मंच से कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन और पार्टी प्रवेश भी कराया जाएगा?

 

उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले में स्थिति स्पष्ट की जाए और यह भी बताया जाए कि मितानिन दीदियों को आमंत्रित करने के लिए किन माध्यमों का इस्तेमाल किया गया। यदि किसी सरकारी तंत्र या पद का उपयोग कर उन्हें राजनीतिक कार्यक्रम में बुलाया गया है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

 

मितानिन दीदियां समाज की सेवक हैं, किसी राजनीतिक दल की भीड़ बढ़ाने का माध्यम नहीं। उनका सम्मान राजनीति से ऊपर होना चाहिए।

Author Desk

Related Articles

Back to top button