ईडी के समन को केजरीवाल ने बताया गैर कानूनी, बोले- तुरंत नोटिस वापस लें

नई दिल्ली। आज का दिन आम आदमी पार्टी के लिए दोहरी मुसीबत लेकर आया है। दिल्ली शराब घोटाला मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी के सामने पेश होना है। लेकिन उससे पहले केजरीवाल के मंत्री राजकुमार आंनद के घर पर ईडी की छापेमारी हुई है। अब दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने ईडी द्वारा उन्हें भेज गए समन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ईडी के नोटिस को गैर कानूनी बताया है। दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि ईडी का नोटिस गैर कानूनी और राजनीति से प्रेरित है। इस नोटिस को बीजेपी के कहने पर भेजा गया है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि उन्हें नोटिस इसलिए भेजा गया ताकि वह चार राज्यों में चुनाव प्रचार न कर पाएं। उन्होंने कहा कि ईडी तुरंत नोटिस वापस ले।
केजरीवाल के एक और मंत्री पर ईडी का शिकंजा
आम आदमी पार्टी के कई नेता पहले से ही जेल में हैं और दिल्ली के सीएम केजरीवाल को भी प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने पूछताछ के लिए समन भेजा है। वहीं, गुरुवार को सुबह-सुबह ही दिल्ली सरकार के एक और मंत्री राजकुमार आनंद पर ईडी ने शिकंजा कसते हुए छापेमारी कर दी है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले की जांच में पीएमएलए कानून के तहत राजकुमार आनंद पर ये कार्रवाई की है। दिल्ली सरकार में मंत्री राजकुमार आनंद के परिसरों पर गुरुवार को सुबह-सुबह ईडी ने छापेमारी के लिए दस्तक दी। जानकारी के मुताबिक, राजकुमार आनंद के सिविल लाइंस वाले घर समेत 9 ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। राजकुमार आनंद साल 2020 में दिल्ली के पटेल नगर सीट से विधायक बने थे। वह वर्तमान में दिल्ली सरकार में समाज कल्याण, सहकारिता विभाग, लैंड एंड बिल्डिंग, श्रम मंत्रालय और रोजगार मंत्रालय जैसे कई विभागों का कार्यभार संभाल रहे हैं।



