राजनीति

प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को दी बधाई

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी का आज स्थापना दिवस है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक के बाद एक कई पोस्ट किए। पीएम मोदी ने कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस पर देशभर के मेरे कर्मठ और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।

महान विभूतियों को नमन करने का दिन
उन्होंने लिखा-आज भारतीय जनता पार्टी की उन सभी महान विभूतियों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने वर्षों की अपनी कड़ी मेहनत, संघर्ष और त्याग से पार्टी को सींचकर इस ऊंचाई तक पहुंचाया है। मैं आज पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भाजपा देश की सबसे पसंदीदा पार्टी है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र के साथ जन-जन की सेवा में जुटी है।

राष्ट्रवादी मूल्यों के प्रति हमेशा समर्पित
पीएम मोदी ने आगे लिखा-यह हम सभी के लिए गौरव की बात है कि बीजेपी अपने विकासवादी विजन, सुशासन और राष्ट्रवादी मूल्यों के प्रति हमेशा समर्पित रही है। भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति इसके कार्यकर्ता हैं, जो 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने में दिन-रात जुटे रहते हैं। देश की युवाशक्ति भाजपा को एक ऐसी पार्टी के रूप में देखती है, जो उनके सपनों को साकार करने के साथ ही 21वीं सदी में भारत को मजबूत नेतृत्व देने में सक्षम है।

पीएम मोदी ने सुशासन और विकास की भी बात की। उन्होंने लिखा-‘केंद्र हो या राज्य, हमारी पार्टी ने सुशासन को नए सिरे से परिभाषित किया है। हमारी योजनाओं और नीतियों ने देश के गरीब और वंचित भाई-बहनों को एक नई ताकत दी है। जो लोग दशकों तक हाशिए पर रहे थे, उन्हें अपने लिए भाजपा में उम्मीद की बड़ी किरण दिखी। भाजपा उनकी सशक्त आवाज बनकर सामने आई। हमने हमेशा समग्र विकास के लिए काम किया है, जिससे हर देशवासी का जीवन आसान बना है।’

वोट बैंक की राजनीति से मुक्त करने के लिए संकल्पबद्ध
उन्होंने आगे लिखा-‘हमारी पार्टी देश को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, जातिवाद, सांप्रदायिकता और वोट बैंक की राजनीति से मुक्त करने के लिए संकल्पबद्ध है। दशकों तक शासन करने वाली पार्टियों ने इसी राजनीतिक संस्कृति को देश की पहचान बना दी थी। नए भारत में स्वच्छ और पारदर्शी शासन होने से विकास का लाभ आज बिना किसी भेदभाव के अंतिम पायदान पर खड़े गरीबों तक पहुंच रहा है।’

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button