राष्ट्रीय

Air India की फ्लाइट में यात्री को आया पैनिक अटैक, दबाया पत्नी का गला, मुंबई में हुई लैंडिंग

Air India की फ्लाइट में एक यात्री ने जमकर हंगामा किया शांत करने के दौरान उसने अपनी पत्नी का गला दबा दिया। क्रू मेम्बर्स की सहायता से उसे शांत कराया गया। प्राप्त खबर के अनुसार, बिजनेस क्लास में मुंबई का एक बिजनेसमैन सफर के लिए नेवार्क से प्लेन में चढ़ा। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उसने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान यात्री चिल्लाया और फ्लाइट को उतारने की मांग करने लगा। जब क्रू के सदस्यों और उसकी पत्नी ने व्यक्ति को समझाने की कोशिश की तो उसने अपनी पत्नी का ही गला दबाने की कोशिश की।

फ्लाइट में मौजूद डॉक्टर की मदद से क्रू के सदस्यों ने यात्री को काबू किया और इंजेक्शन लगाकर उसे बेहोश किया गया। इसके बाद विमान ने तय समय पर मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। जिस व्यक्ति ने हंगामा किया, उसकी पत्नी ने बताया कि उसके पति को पैनिक अटैक आते हैं और बीते कुछ दिनों से वह अपनी दवाएं भी नहीं ले रहे।

फ्लाइट में सफर कर रहे एक यात्री प्रवीण तोनेस्कर ने ट्वीट कर घटना के बारे में जानकारी दी। प्रवीण ने बताया कि विमान के क्रू मेंबर्स ने शानदार काम किया और बड़ी मुश्किल से विमान में मौजूद डॉक्टर की मदद से उसे काबू किया। प्रवीण ने कहा कि क्रू के सदस्यों ने बहुत धैर्य का परिचय दिया और घटना के बाद उन्होंने बिना थके बाकी सदस्यों का भी पूरा ध्यान रखा। एयर इंडिया ने भी प्रवीण के ट्वीट पर रिप्लाई किया है और उनके क्रू के सदस्यों की तारीफ के लिए प्रवीण को धन्यवाद दिया है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button