छत्तीसगढ़राजनीति

नाथूराम गोडसे को भारत का सपूत बताकर केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राष्ट्रपिता का अपमान किया : मोहन मरकाम

रायपुर। केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को भारत का सपूत बताने को कांग्रेस ने शर्मनाक बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि राष्ट्रपिता के हत्यारे को भारत का सपूत बोलना सिर्फ राष्ट्रपिता का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का अपमान है। यह पहला मौका नहीं है, इससे पहले भी कई बार भाजपा नेता महात्मा गांधी का अपमान कर चुके हैं।
मोहन मरकाम ने कहा कि महात्मा गांधी के अपमान पर प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सबसे शर्मनाक बात यह है कि जो प्रधानमंत्री देश और विदेश में गांधी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रवचन देते हैं, वो भाजपा नेताओं द्वारा किए जा रहे गांधी जी के अपमान पर खामोश रहते हैं। वह विदेशों में जाकर बापू की प्रतिमा पर फूल चढ़ाते हैं, लेकिन जब देश में उनके ही सांसद, पूर्व मंत्री और नेता गांधी जी का अपमान करते हैं तब वह चुप रहते हैं।
मरकाम ने कहा कि वर्ष 2019 में भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने भी त्रिवेंद्र सिंह रावत की तरह गोडसे को देशभक्त कहा था। जब प्रधानमंत्री से इस बाबत सवाल पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि मैं कभी दिल से उन्हें माफ नहीं करूंगा। मगर आज तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मोहन मरकाम ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी कहते हैं कि देश में गांधी और गोडसे की सोच के बीच लड़ाई चल रही है। हमारा स्पष्ट तौर पर मानना है कि गांधी जी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का महिमामंडन हमेशा के लिए बंद होना चाहिए। नफरत की राजनीति बंद होनी चाहिए। इसलिए राहुल गांधी जी नफरत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान खोल रहे हैं।

Author Desk

Related Articles

Back to top button