112 की टीम और वरदान परमार्थ सेवा समिति ने पेश की मानवता की मिसाल, हाईवा में फंसे चालक को सुरक्षित निकाल पहुंचाया अस्पताल
आधी रात हाईवे पर हुआ सड़क हादसा, क्षतिग्रस्त वाहन में स्टीयरिंग के पास बुरी तरह फंसा था चालक, तत्परता से किया गया रेस्क्यू

112 की टीम और वरदान परमार्थ सेवा समिति ने पेश की मानवता की मिसाल, हाईवा में फंसे चालक को सुरक्षित निकाल पहुंचाया अस्पताल
आधी रात हाईवे पर हुआ सड़क हादसा, क्षतिग्रस्त वाहन में स्टीयरिंग के पास बुरी तरह फंसा था चालक, तत्परता से किया गया रेस्क्यू
धमतरी। मानव सेवा और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक बार फिर डायल 112 की टीम एवं वरदान परमार्थ सेवा समिति धमतरी के सदस्यों ने सराहनीय कार्य किया। आमदी पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे पर देर रात हुए सड़क हादसे में हाईवा चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 112 की टीम और वरदान परमार्थ सेवा समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात्रि लगभग 12:30 बजे की है। आमदी पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहा हाईवा चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और हाईवा सामने चल रहे वाहन के पीछे जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में हाईवा चालक ओमप्रकाश साहू स्टीयरिंग के पास वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गया और गंभीर स्थिति में मदद की प्रतीक्षा कर रहा था।
इसी दौरान आमदी में 112 का इवेंट पूरा कर धमतरी लौट रही डायल 112 की टीम की नजर दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर पड़ी। टीम में शामिल अखिलेश ध्रुव एवं गणेश साहू ने बिना समय गंवाए अपना वाहन रोका और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद हाईवा में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही वरदान परमार्थ सेवा समिति के शिवा प्रधान एवं डोमन साहू भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों ने घायल चालक को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हादसे में चालक ओमप्रकाश साहू को काफी चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
इस पूरी घटना में डायल 112 की टीम और वरदान परमार्थ सेवा समिति के सदस्यों ने जिस तत्परता, साहस और सेवाभाव का परिचय दिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। आधी रात के समय बिना किसी देरी के दुर्घटनास्थल पर रुककर घायल की जान बचाने के लिए किया गया प्रयास मानवता की सच्ची मिसाल बन गया।

उल्लेखनीय है कि वरदान परमार्थ सेवा समिति धमतरी के सदस्य जरूरतमंदों और दुर्घटना में घायल लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। वहीं डायल 112 की टीम ने भी अपनी जिम्मेदारी से आगे बढ़कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया।
निश्चित रूप से ऐसे सेवाभावी लोगों का प्रयास समाज में सेवा, सहयोग और इंसानियत की भावना को मजबूत करता है। मानव सेवा ही प्रभु सेवा है।



