छत्तीसगढ़

पत्रकार भोजराज साहू को मीडिया व जनप्रतिनिधि द्वारा दी गई श्रद्धांजलि

धमतरी(प्रखर) इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जुझारू व निर्भीक पत्रकार भोजराज साहू के असामयिक निधन ने पूरे जिले सहित मीडिया जगत को गहरे शोक में डाल दिया है। धमतरी रेस्ट हाउस में शुक्रवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर दिवंगत पत्रकार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। माहौल भावुक था, सभी ने एक स्वर में कहा कि भोजराज साहू का जाना पत्रकारिता जगत के लिए अपूर्णीय क्षति है जिसे लंबे समय तक भुलाया नहीं जा सकेगा।

श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी जनप्रतिनिधियों और मीडिया जगत की भीड़

कार्यक्रम की शुरुआत प्रजापिता ब्रह्मकुमारी आश्रम की संचालिका सरिता बहन द्वारा शांतिध्वनि और प्रार्थना के साथ की गई। इसके बाद विधायक ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू, पूर्व महापौर विजय देवांगन, प्रखर समाचार के प्रधान संपादक दीपक लखोटिया, वरिष्ठ पत्रकार सुधीर गुप्ता, अरुण चौधरी, प्रेम मगेंद्र, विशाल ठाकुर, उमेश वशिष्ट, अभिषेक पांडे, कांग्रेस जिला अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, समाजसेवी राजेश शर्मा, मोहन लालवानी, राजेंद्र शर्मा और तल्लीनपुरी गोस्वामी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

कम उम्र में बनाई थी पत्रकारिता में अलग पहचान

सभा में उपस्थित सभी वक्ताओं ने कहा कि भोजराज साहू ने बहुत कम उम्र में पत्रकारिता के क्षेत्र में वह पहचान बनाई, जो वर्षों की मेहनत से भी हर किसी को नहीं मिल पाती।
वे हमेशा निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। आमजन की छोटी से छोटी समस्या को भी बड़े मुद्दे की तरह उठाकर प्रशासन तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली थी। उनकी रिपोर्टिंग में स्पष्टता, साहस और संवेदना हमेशा झलकती थी।

सरल, मिलनसार और हमेशा मुस्कुराने वाले व्यक्तित्व को याद करता रहा पूरा मीडिया परिवार

भोजराज साहू न सिर्फ एक जिम्मेदार पत्रकार थे, बल्कि अपने सरल व्यवहार और हंसमुख स्वभाव से सभी के प्रिय थे।
उनके साथी पत्रकारों ने बताया कि जहां भी कोई सामाजिक, जनसरोकार या समस्या से जुड़ा विषय होता, वे सबसे पहले वहां पहुंचते।
लोकहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और निडरता ने उन्हें धमतरी मीडिया में एक अलग स्थान दिलाया था।
सभी ने कहा कि उनका जाना एक ऐसे साथी को खो देने जैसा है, जो हमेशा सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहता था।

सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में दी गई अंतिम श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि सभा में प्राजक्ता बहन, दीपक सोनकर, सूरज गहरवार, महेंद्र पंडित, चेतन हिंदूजा, नीलम चंद्राकर, नम्रता पवार, राजा देवांगन, शिवा प्रधान, मोहनी साहू, ऋतुराज पवार, महेंद्र खंडेलवाल, देवेन्द्र आजमानी, हेमंत चंदाकर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।
जनसंपर्क विभाग से अमित नुनिवाल, हितेश गंगवीर, मोनू साहू और गोपाल साहू भी उपस्थित रहे।

अन्य दिवंगतों को भी दी गई श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के अंत में स्व. भोजराज साहू, शैलेन्द्र पटवा (रायपुर) एवं श्रीमती गुरबचन कौर छाबड़ा को सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

माहौल भावुक था और सभी ने यह कामना की कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button