अर्थव्यवस्था से लेकर विदेश नीति, खेल से लेकर संस्कृति तक भारत ने हर क्षेत्र में बनाई सशक्त पहचान – रंजना साहू

सुंदरगंज वार्ड में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष की उपस्थिति में ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण
धमतरी(प्रखर) नगर के सुंदरगंज वार्ड स्थित बीएलओ टू श्री विजय शर्मा के निवास पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू की गरिमामयी उपस्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत देश के महान राजनेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ की गई। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में वर्ष 2025 में भारत की वैश्विक भूमिका और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभरकर सामने आया है। उन्होंने देश की तेजी से मजबूत होती अर्थव्यवस्था, प्रभावी और निर्णायक विदेश नीति, खेलकूद के क्षेत्र में भारत की बढ़ती उपलब्धियों तथा धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से भारत की गौरवशाली पहचान को विश्व पटल पर स्थापित करने की चर्चा की। प्रधानमंत्री ने देशवासियों को नए-नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हुए आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को दोहराया।
‘मन की बात’ कार्यक्रम के पश्चात भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ SIR (संगठनात्मक एवं राष्ट्रीय विषयों से जुड़े मुद्दों) को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी बनाने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में देशवासियों को जोड़ने वाला एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मविश्वास के साथ विश्व के सामने खड़ा है। अर्थव्यवस्था से लेकर विदेश नीति, खेल से लेकर संस्कृति तक भारत ने हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रहित के संदेशों और विकास कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक मजबूती के साथ सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बीएलओ टू विजय शर्मा, ललित मानिक, श्रवण मरकाम, सीताराम शर्मा, सतीश शर्मा, जवाहर शर्मा, मीना शर्मा, शारदा शर्मा, उपेन्द्र ठाकुर, खेदूराम ध्रुव, हरिश साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



