पुलिस एवं जेल कर्मियों के बच्चों को कोचिंग फीस में मिलेगी 30 से 50 प्रतिशत तक छूट
एलन और आकाश इंस्टीट्यूट ने दी सहमति, आईआईटी-जेईई, नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग में मिलेगा लाभ

पुलिस एवं जेल कर्मियों के बच्चों को कोचिंग फीस में मिलेगी 30 से 50 प्रतिशत तक छूट
एलन और आकाश इंस्टीट्यूट ने दी सहमति, आईआईटी-जेईई, नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग में मिलेगा लाभ
रायपुर (प्रखर)। छत्तीसगढ़ के पुलिस एवं जेल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के परिवारों के लिए अच्छी खबर है। अब पुलिस और जेल कर्मियों के बच्चों को प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों एलन एकेडमी और आकाश इंस्टीट्यूट में पढ़ाई के लिए फीस में 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इससे कर्मचारियों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आर्थिक राहत मिलेगी।
इस संबंध में 19 नवंबर 2026 को प्रभारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं जेल डीजी श्री हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में एलन एकेडमी और आकाश इंस्टीट्यूट के संचालकों के साथ चर्चा के बाद फीस में रियायत देने पर सहमति बनी।
बैठक में हुए निर्णय के अनुसार, आकाश इंस्टीट्यूट रायपुर में कोचिंग लेने वाले पुलिस एवं जेल कर्मियों के बच्चों को संपूर्ण फीस में 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। वहीं, एलन एकेडमी के रायपुर, भिलाई एवं बिलासपुर केंद्रों में अध्ययन करने वाले पुलिस एवं जेल कर्मियों के बच्चों को संपूर्ण फीस में 30 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
यह सुविधा आईआईटी-जेईई, नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए लागू होगी। इस पहल से पुलिस एवं जेल विभाग के कर्मचारियों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा और परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।
बैठक में डीसीपी तारकेश्वर पटेल, आकाश इंस्टीट्यूट से सतीश कुमार धृतलहरे तथा एलन एकेडमी से देबाजीत चटर्जी एवं महेंद्र चंद्रा उपस्थित रहे।
इस पहल को पुलिस एवं जेल कर्मियों के परिवारों के शैक्षणिक भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


