बेमौसम बारिश के बीच धान की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, उपार्जन केंद्रों में किए जा रहे पुख्ता इंतजाम
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को दिए सतत निगरानी के निर्देश, जिले के 108 केंद्रों में से फिलहाल आमदी और मगरलोड में ही जारी है धान खरीदी
बेमौसम बारिश के बीच धान की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, उपार्जन केंद्रों में किए जा रहे पुख्ता इंतजाम
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को दिए सतत निगरानी के निर्देश, जिले के 108 केंद्रों में से फिलहाल आमदी और मगरलोड में ही जारी है धान खरीदी
धमतरी। चक्रवात ‘अकवन’ के प्रभाव से जिले में हो रही बेमौसम बारिश ने धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित किया है। किसानों से खरीदे गए धान को भीगने से बचाने और उसकी गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सभी उपार्जन केंद्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को धान की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा है।
कलेक्टर ने गुरुवार देर शाम अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बारिश के कारण खुले में रखे धान के भीगने की आशंका को गंभीरता से लिया जाए। सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त केप कवर, तिरपाल और अन्य सुरक्षात्मक सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खुले में रखे धान को व्यवस्थित ढंग से ढंकने के साथ जल निकासी और सुरक्षित भंडारण के इंतजाम भी किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बारिश से प्रभावित हुई धान खरीदी
जिले में 20 नवंबर को कुल 108 धान उपार्जन केंद्रों में से 107 केंद्रों में खरीदी के लिए टोकन जारी किए गए थे। लेकिन लगातार हो रही बारिश के चलते अधिकांश केंद्रों में खरीदी कार्य प्रभावित हुआ है। वर्तमान में केवल आमदी और मगरलोड उपार्जन केंद्र में ही धान खरीदी जारी है, जबकि शेष केंद्रों में एहतियातन खरीदी बंद रखी गई है। जिन केंद्रों में पर्याप्त शेड और सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध है, वहां मौसम की स्थिति के अनुसार खरीदी शुरू करने की संभावना है।
अधिकारियों ने केंद्रों में पहुंचकर देखी व्यवस्था
कलेक्टर के निर्देश पर जिला स्तरीय नोडल अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी विभिन्न उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में भटगांव उपार्जन केंद्र पहुंचकर अधिकारियों ने केप कवर, तिरपाल और धान की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया। समिति प्रबंधन को खुले में रखे धान को सुरक्षित ढंकने और बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। मौसम को देखते हुए शुक्रवार को भटगांव, पोटियाडीह, कोड़ेबोड़ सहित जिले के अधिकांश केंद्रों में खरीदी बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
भखारा में सबसे अधिक 6.6 मिलीमीटर बारिश
20 नवंबर को जिले के विभिन्न वर्षामापी केंद्रों में दर्ज आंकड़ों के अनुसार धमतरी में 4.8 मिलीमीटर, कुरूद में 5.1 मिलीमीटर, मगरलोड में 4.8 मिलीमीटर, नगरी में 5.6 मिलीमीटर, भखारा में 6.6 मिलीमीटर, कुकरेल में 8.0 मिलीमीटर तथा बेलरगांव में 6.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
जिला प्रशासन ने सभी एसडीएम, जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों, खाद्य विभाग और समिति प्रबंधनों को मौसम पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता किसानों से खरीदे गए धान को सुरक्षित रखना और उसकी गुणवत्ता बनाए रखना है। मौसम अनुकूल होते ही खरीदी व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए भी आवश्यक तैयारियां रखने को कहा गया है।



