ओडिसा की सीमाओं पर धान तस्करी, 20 लाख से अधिक का अवैध धान जब्त

ओडिसा की सीमाओं पर धान तस्करी, 20 लाख से अधिक का अवैध धान जब्त
गरियाबंद। ओडिसा के तीन सीमाओं में मंगलवार रात अलग अलग टीम ने 6 वाहनों में 1470 बोरी धान जप्त कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आधी रात निकली टीम ने कार्रवाई को 12 घंटे के भीतर अंजाम दिया है। जप्त धान की कीमत 20 लाख से ज्यादा आंकी गई है। जिसे मंडी अधिनियम के तहत जप्त कर लिया गया है।
देवभोग पुलिस की टीम ने बीती रात बधियामाल चेक पोस्ट से ट्रक क्रमांक सीजी 08 एल 3919 से 400 बोरी, पिटापारा सीमा से मेटाडोर से 100 बोरी और झिरीपानी सीमा से ट्रेक्टर में लोड कर लाए जा रहे 60 बोरी के साथ कुल 560 बोरी धान तीन वाहन समेत जप्त किया है। देवभोग पुलिस ने अब तक 35 से ज्यादा वाहनों की धर पकड़ कर कार्रवाई में सबसे आगे चल रही है।
बताया जा रहा है कि नवरंगपुर जिले का रायगढ़ ब्लॉक से शोभा गोना के रास्ते धान निकालना सबसे सुरक्षित माना जाता था। लेकिन इसकी इनपुट गरियाबंद पुलिस को मिलते ही अमलीपदर थाना प्रभारी को एलर्ट किया। जिसके बाद संयुक्त टीम ने दो ट्रक में भरे 810 पेकेट धान को जप्त कर तस्करों का रूट मैप बिगाड़ दिया। जप्त दोनों ट्रक को इंदागांव पुलिस के हवाले किया गया है। बीती रात पकड़े गए ज्यादातर वाहन बनाए गए अस्थाई चेक पोस्ट से निकल कर आई थी। चेक पोस्ट का कंट्रोल राजस्व अफसरों के कमांड पर है।



