छत्तीसगढ़

ग्रीष्मकाल में नागरिकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने निगम ने कसी कमर, पंप ऑपरेटरों की हुई विस्तृत समीक्षा बैठक


धमतरी(प्रखर) आगामी ग्रीष्मकाल के दौरान संभावित जल संकट से निपटने तथा शहरवासियों को निर्बाध, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम जल विभाग द्वारा गंभीर पहल की गई है। इसी कड़ी में जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने नगर निगम सभा कक्ष में पंप ऑपरेटरों एवं जल विभाग के अधिकारियों की एक विस्तृत समीक्षा बैठक ली।
बैठक में जल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, संभावित समस्याओं तथा उनके त्वरित समाधान को लेकर गहन चर्चा की गई। सभापति अखिलेश सोनकर ने पंप ऑपरेटरों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से जल आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जल की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में समय पर और पर्याप्त पानी पहुंचाना प्राथमिकता है।
सभापति ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित वार्डों से प्रतिदिन पानी के सैंपल जांच हेतु प्रयोगशाला में भेजे जाएं, ताकि जल की गुणवत्ता बनी रहे। इसके साथ ही नालियों के भीतर अथवा अव्यवस्थित रूप से गुजर रही पाइपलाइन कनेक्शनों को चिन्हांकित कर तत्काल नगर निगम को सूचित करने के निर्देश दिए गए। कहीं भी पाइपलाइन में लीकेज, टूट-फूट या अवरोध पाए जाने पर बिना देरी के मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि जल विभाग के कर्मचारियों को प्राप्त होने वाली शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी एवं संतोषजनक निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार शिकायत दर्ज कराने की आवश्यकता न पड़े। जहां किसी भी कारणवश जल आपूर्ति प्रभावित होती है, वहां टैंकरों के माध्यम से तत्काल वैकल्पिक जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सभापति सोनकर ने स्पष्ट किया कि जल आपूर्ति से जुड़ा हर कर्मचारी इस दौरान अलर्ट मोड पर रहेगा और नियमित फील्ड निरीक्षण भी किया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से जल विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) मयंक राठौर, लोमेश देवांगन, पंच राम सिंहा, कैमिस्ट स्वाद गुल खान सहित जल विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं सभी पंप ऑपरेटर उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी से ग्रीष्मकाल में समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की गई।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button