बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न देने की मांग, सामाजिक संगठनों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

धमतरी (प्रखर) जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए वर्दमान परमार्थ सेवा संस्था, धमतरी एवं छत्तीसगढ़ मानव सेवा संस्था, धमतरी के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर धमतरी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल न दिया जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय में धमतरी जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या निरंतर बढ़ रही है, जिनमें अधिकांश मामलों में दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का उपयोग नहीं कर रहे हैं। हेलमेट नहीं पहनने की वजह से दुर्घटना के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से जनहानि की घटनाएं सामने आ रही हैं।
संगठन के प्रतिनिधियों ने यह भी अवगत कराया कि जिले के कई पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट वाहन चालकों को पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना हो रही है। यदि पेट्रोल पंप स्तर पर ही सख्ती बरती जाए और बिना हेलमेट वाहन चालकों को पेट्रोल देने पर रोक लगाई जाए, तो आम नागरिकों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित होगी और सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी।
ज्ञापन में प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जिले के समस्त पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया जाए कि वे बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दें तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।



