छत्तीसगढ़

क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर सांसद रूप कुमारी चौधरी से मिला प्रतिनिधिमंडल, सौंपा विकास संबंधी मांगों का ज्ञापन


धमतरी(प्रखर) क्षेत्र के चहुंमुखी विकास एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला पंचायत सभापति एवं गंगरेल मंडल अध्यक्ष श्रीमती मोनिका देवांगन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की  सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी से उनके निवास स्थान बसना पहुंचकर सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, जनआवश्यकताओं एवं विकास संबंधी विभिन्न मांगों को लेकर सांसद महोदया को विस्तारपूर्वक अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं मरम्मत, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में शेड निर्माण, सामाजिक भवनों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, पेयजल, बिजली सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए  सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी ने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। सांसद महोदया ने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ कराने की बात कही।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में जिला पंचायत सभापति एवं गंगरेल मंडल अध्यक्ष श्रीमती मोनिका देवांगन, भाजपा जिला मंत्री हेमंत चंद्राकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष गंगरेल ऋषभ देवांगन, झूरानवागांव सरपंच फलेंद्र साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में प्रतिनिधिमंडल द्वारा सांसद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के शीघ्र विकास एवं जनहित कार्यों के सफल क्रियान्वयन की अपेक्षा जताई गई।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button