छत्तीसगढ़

मंत्री टंकराम वर्मा ने पीजी कॉलेज धमतरी का किया निरीक्षण


लॉ कॉलेज एवं 200 सीटर डिजिटल लाइब्रेरी प्रस्तावों का लिया जायजा

धमतरी(प्रखर)प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री  टंकराम वर्मा ने आज धमतरी प्रवास के दौरान बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महाविद्यालय परिसर में प्रस्तावित लॉ कॉलेज तथा 200 सीटर डिजिटल लाइब्रेरी के लिए आरक्षित स्थल का अवलोकन किया।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंत्री श्री वर्मा को प्रधानमंत्री उषा योजना के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में प्रस्तावित अधोसंरचना विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी में ई-बुक्स, ई-जर्नल्स, ऑनलाइन शोध डाटाबेस, स्मार्ट रीडिंग जोन, हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इससे विद्यार्थियों को शोध, स्व-अध्ययन और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों तक सुलभ पहुंच सुनिश्चित होगी।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने यह भी जानकारी दी कि प्रस्तावित लॉ कॉलेज से जिले के विद्यार्थियों को विधि शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उच्च शिक्षा के अवसर स्थानीय स्तर पर सुदृढ़ होंगे। उन्होंने कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्ता मानकों के पालन तथा आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं के संबंध में भी अवगत कराया।

मंत्री श्री वर्मा ने प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं को जाना और आगामी शैक्षणिक सत्र में समाधान का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा के विकास के लिए मजबूत अधोसंरचना आवश्यक है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक, तकनीक-आधारित सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
   इस अवसर पर अपर कलेक्टर पवन प्रेमी, एसडीएम  पीयूष तिवारी, जनप्रतिनिधि  प्रकाश बैस एवं महेंद्र पंडित, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button