FMGE दिसंबर 2025 में डॉ. अवंतिका रणसिंह ने दर्ज की शानदार सफलता, बनीं MBBS डॉक्टर

धमतरी(प्रखर) नगर के लिए गौरव का क्षण उस समय आया जब डॉ. अवंतिका रणसिंह ने फ़ॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट परीक्षा (FMGE) दिसंबर 2025 को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली। 17 जनवरी 2026 को आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षा में उन्होंने सहभागिता कर अपनी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की, जिसके साथ ही वे अब आधिकारिक रूप से MBBS डॉक्टर बन गई हैं।
FMGE परीक्षा देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, जिसे उत्तीर्ण करना विदेशी मेडिकल स्नातकों के लिए अनिवार्य होता है। इस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर डॉ. अवंतिका रणसिंह ने न केवल अपने चिकित्सकीय ज्ञान और क्षमता का परिचय दिया, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उनके पिता राकेश रणसिंह, जो कि वन विभाग में सेवाएं दे रहे हैं, एवं माता स्नेहा रणसिंह, जो एक व्याख्याता हैं, को भी क्षेत्रवासियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह सफलता उनके माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कारों, शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण, सतत मार्गदर्शन तथा परिवार के सहयोग का परिणाम मानी जा रही है।
परिवारजनों एवं शुभचिंतकों का कहना है कि पूर्वजों के आशीर्वाद, बड़ों के स्नेह और ईश्वर की कृपा से प्राप्त यह उपलब्धि पूरे परिवार, समाज और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। डॉ. अवंतिका रणसिंह की सफलता से क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने की चाह रखने वाले विद्यार्थियों को नई प्रेरणा मिलेगी।
डॉ. अवंतिका रणसिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर रिश्तेदारों, मित्रों, शिक्षकों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने आशा व्यक्त की है कि वे आने वाले समय में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए नई ऊँचाइयों को छुएंगी, मानव सेवा को अपना ध्येय बनाएंगी और देश व समाज के स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।



