धमतरी में DVE ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड ने किया एडवांस्ड IoT स्विच बोर्ड का भव्य शुभारंभ

धमतरी/रायपुर(प्रखर) स्मार्ट टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए DVE ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा धमतरी–रायपुर में अपने एडवांस्ड IoT स्विच बोर्ड का भव्य लॉन्च किया गया। इस अत्याधुनिक स्मार्ट उत्पाद का उद्घाटन महापौर जगदीश रामू रोहरा के करकमलों से संपन्न हुआ।
लॉन्च कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि वर्तमान युग तकनीक और नवाचार का युग है। स्मार्ट टेक्नोलॉजी से आम नागरिकों का जीवन अधिक सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बन रहा है। IoT आधारित उपकरण न केवल समय और ऊर्जा की बचत करते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि DVE ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार किया गया यह एडवांस्ड IoT स्विच बोर्ड आधुनिक जीवनशैली की जरूरतों के अनुरूप है। आज घर, कार्यालय और औद्योगिक क्षेत्रों में स्मार्ट समाधानों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर उन्नत तकनीकी उत्पादों का निर्माण और लॉन्च होना गर्व की बात है।
महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार के नवाचार देश को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। स्मार्ट स्विच बोर्ड जैसी तकनीक से ऊर्जा की अनावश्यक खपत में कमी आएगी, जिससे बिजली की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में महापौर ने DVE ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड के CEO एवं MD सुब्बाराव सिस्ता सहित पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कंपनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



