छत्तीसगढ़

धमतरी में कल भाजपा का जिला स्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान


धमतरी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को सशक्त एवं कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन कल किया जाएगा। यह कार्यशाला सुबह 9:30 बजे भाजपा जिला कार्यालय, गोकुल सागर भवन, विवेकानंद वार्ड क्रमांक 37, धमतरी में आयोजित होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, सभी मोर्चा के जिलाध्यक्ष तथा प्रशिक्षण टोली के सदस्य भाग लेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य संगठन की कार्यप्रणाली, पार्टी की विचारधारा एवं केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना है, ताकि वे समाज के बीच प्रभावी रूप से पार्टी की नीतियों और योजनाओं को प्रस्तुत कर सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9:30 बजे जलपान एवं पंजीयन से होगी। उद्घाटन सत्र में अतिथियों का स्वागत, दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् तथा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस अध्यक्षीय संबोधन देंगे, वहीं प्रशिक्षण महाअभियान की रूपरेखा पर संजय श्रीवास्तव विस्तार से जानकारी देंगे।
द्वितीय सत्र में मंडल स्तर पर प्रशिक्षण की कार्ययोजना, वक्ताओं का चयन एवं रणनीति पर चर्चा होगी। तृतीय सत्र में आयुष्मान दीक्षित द्वारा पीपीटी के माध्यम से नवाचार विषय पर प्रस्तुति दी जाएगी तथा चतुर्थ सत्र में नवीन मार्कण्डेय पंच परिवर्तन विषय पर मार्गदर्शन देंगे। समापन सत्र में लता उसेंडी द्वारा जिज्ञासा समाधान एवं समापन उद्बोधन होगा।
पार्टी के अनुसार, प्रशिक्षण महाअभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसेवा के मूल सिद्धांतों से अवगत कराना है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Author Desk

Related Articles

Back to top button