छत्तीसगढ़

3.23 करोड़ की ऐतिहासिक सौगात: धमतरी की प्रमुख सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी


धमतरी। शहर के विकास को नई रफ्तार देते हुए नगर निगम क्षेत्र की जर्जर और बहुप्रतीक्षित प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए कुल 3 करोड़ 23 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। लंबे समय से इन सड़कों के निर्माण की मांग शहरवासियों द्वारा की जा रही थी, जिसे अब मूर्त रूप मिलने जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वीकृत कार्यों में शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्ग शामिल हैं। इनमें मकई चौक से रामबाग चौक तक सदर मार्ग में 114.93 लाख रुपये, डॉ. एन.पी. गुप्ता के निवास से कचहरी ऑफिस होते हुए शिव चौक से म्युनिसिपल स्कूल तक 94.48 लाख रुपये, शिव चौक से विमल टॉकीज रोड से एनएच-30 तक 37.57 लाख रुपये, छत्रपति शिवाजी चौक से मठ मंदिर तक 42.87 लाख रुपये तथा बालक चौक से भगत चौक होते हुए रोकड़िया चौक तक 33.15 लाख रुपये की लागत से बी.टी. रोड निर्माण कार्य कराया जाएगा।
इन सड़कों के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। सदर मार्ग, शिव चौक, रामबाग चौक और भगत चौक जैसे क्षेत्रों में सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती थी। नई बी.टी. सड़कों के निर्माण से यातायात सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित होगा, जिससे व्यापारियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
प्रशासन ने बताया कि सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्ता के साथ कराए जाएंगे। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद शहर की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी और धमतरी विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाएगा।
शहरवासियों ने इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए इसे धमतरी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button