छत्तीसगढ़

विकास की सौगात पर भाजपा पार्षदों का उत्साह, महापौर का किया सम्मान


धमतरी(प्रखर)शहर की प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपये की स्वीकृति मिलते ही नगर निगम धमतरी परिसर के सामने उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। महापौर रामू रोहरा के प्रयासों से मिली इस बड़ी सौगात पर भाजपा पार्षदों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा निगम कार्यालय के सामने फटाके फोड़कर खुशी जाहिर की।
पार्षदों ने कहा कि यह स्वीकृति केवल राशि की मंजूरी नहीं, बल्कि धमतरी के समग्र विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। लंबे समय से जर्जर सड़कों की समस्या से जूझ रहे शहरवासियों को अब बड़ी राहत मिलेगी। प्रमुख मार्गों के निर्माण से यातायात व्यवस्था सुगम होगी, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि महापौर रामू रोहरा ने लगातार शासन स्तर पर प्रयास कर धमतरी की आवाज को मजबूती से रखा, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने है। यह विकास कार्य शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करेगा और आधुनिक धमतरी के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
भाजपा पार्षदों ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार धमतरी के विकास को प्राथमिकता दे रही है और भविष्य में भी शहर को इसी प्रकार की महत्वपूर्ण सौगातें मिलती रहेंगी।
जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं और नागरिकों में विशेष उत्साह देखा गया। पार्षदों ने इसे “जनता की जीत और विकास की जीत” बताते हुए कहा कि धमतरी अब नई रफ्तार के साथ विकास पथ पर अग्रसर होगा।
इस अवसर पर सभापति कौशल्या देवांगन, एमआईसी सदस्य नीलेश लुनिया, विजय मोटवानी, अखिलेश सोनकर, श्याम लाल नेताम, नरेन्द्र रोहरा, विभा चन्द्रकार, हिमानी साहू, युगल किशोर (पिंटू) यादव सहित अनेक पार्षद एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button