दिल्ली के उत्तम नगर की घटना को लेकर हिन्दू जागरण मंच ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

धमतरी। दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में होली पर्व के दिन हुई कथित घटना के विरोध में हिन्दू जागरण मंच जिला धमतरी ने राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर धमतरी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। यह ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर बी. एक्का को सौंपा गया।
ज्ञापन में मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि होली पर्व के दिन दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में एक छह वर्षीय बच्ची अपने घर की छत पर रंग-गुलाल खेल रही थी। इसी दौरान उसके हाथ से रंग से भरा गुब्बारा नीचे गिर गया, जिससे रास्ते से गुजर रही एक महिला पर रंग के छींटे पड़ गए। बताया गया कि इसके बाद महिला और बच्ची के परिवार के बीच विवाद की स्थिति बन गई। परिजनों द्वारा माफी मांगने के बावजूद मामला शांत नहीं हुआ।
हिन्दू जागरण मंच के अनुसार इसके बाद महिला ने अपने परिचितों को बुला लिया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गए। आरोप है कि इसी दौरान भीड़ द्वारा एक युवक तरुण खटीक पर लाठी-डंडों, पत्थरों और धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने मांग की कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो हिन्दू जागरण मंच सर्व हिन्दू समाज के साथ मिलकर उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने को बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजसेवी मोहनलाल साहू, जिला सूचना एवं संपर्क प्रमुख अमरदीप महाजन, अनिमेष राजपूत, नगर संयोजक अभिषेक साहू, सहसंयोजक शिवांश पटवा, मातृशक्ति गोदावरी ठाकुर, किरण साहू सहित हिन्दू जागरण मंच के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।



