छत्तीसगढ़

पशु-पक्षियों के लिए पेयजल व्यवस्था की पहल, जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने आयुक्त को लिखा पत्र

भीषण गर्मी को देखते हुए शहर में विभिन्न स्थानों पर कोटरा (पानी के पात्र) लगाने की मांग

धमतरी। आगामी ग्रीष्मकालीन मौसम को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने शहर में पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था करने की पहल की है। इस संबंध में उन्होंने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर शहर के प्रमुख स्थानों पर पानी रखने के पात्र (कोटरा) एवं छोटी टंकियों की व्यवस्था कराने का आग्रह किया है, ताकि गर्मी के दिनों में पशु-पक्षियों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े।
अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में तापमान लगातार बढ़ता है, जिससे जल स्रोतों के सूखने और पानी की कमी की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में शहर में रहने वाले पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं को पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नगर निगम से मांग की है कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और कॉलोनियों के आसपास कोटरा या पानी के पात्र रखवाए जाएं, जिससे पशु-पक्षियों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सके।
अखिलेश सोनकर ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान जहां आम नागरिकों के लिए पेयजल की व्यवस्था करना आवश्यक है, वहीं पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं के लिए भी पानी उपलब्ध कराना हमारी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में पशु-पक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए उनके संरक्षण और देखभाल के लिए समाज को भी आगे आना चाहिए।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से अनुरोध किया है कि शहर में समय रहते आवश्यक व्यवस्था की जाए, ताकि गर्मी बढ़ने से पहले ही विभिन्न स्थानों पर पानी की व्यवस्था हो सके। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक संगठनों, नागरिकों और युवाओं से भी अपील की कि वे अपने घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी के छोटे पात्र रखकर पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने में सहयोग करें।
नगर निगम के इस प्रस्ताव के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे गर्मी के मौसम में उन्हें राहत मिल सके। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील और सराहनीय कदम बताया है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button