डीपीएस स्कूल के पास भीषण सड़क हादसा, पिकअप चालक की मौके पर मौत

धमतरी। रायपुर रोड स्थित डीपीएस स्कूल के पास संबलपुर ओवरब्रिज के आगे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मानपुर की ओर से कलिंदर लेकर आ रही एक पिकअप वाहन डीपीएस स्कूल के पास अचानक पंचर हो गई थी। पिकअप चालक चेतन साहू (25 वर्ष), निवासी भेण्डी मगरलोड, और उसका सहयोगी तरुण साहू (18 वर्ष) सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही अशोक लीलैंड की तेज रफ्तार ट्रक, जो कच्चा लोहा लेकर रायपुर की ओर जा रही थी, अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक भी कुछ दूर जाकर पलट गई। हादसे में पिकअप चालक चेतन साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी तरुण साहू घायल हो गया। घायल युवक के हाथ में चोट आई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ सेवा संस्था के सदस्य शिवा प्रधान, डूमन साहू, योगेश साहू और अमन साहू तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। उनकी मदद से मृतक के शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी पहुंचाया गया।
वहीं टोल प्लाजा की क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और पिकअप वाहन को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। घटना की सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों और भारी ट्रकों की आवाजाही पर नियंत्रण के लिए प्रशासन से उचित व्यवस्था करने की मांग की है।



