छत्तीसगढ़

20 करोड़ की लागत से रुद्रेश्वर मंदिर परिसर का होगा समग्र विकास


ग्रीन कॉरिडोर, बोटिंग और आधुनिक सुविधाओं से धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा


धमतरी। जिले के प्राचीन और आस्था के प्रमुख केंद्र रुद्रेश्वर मंदिर परिसर को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने देर शाम मंदिर परिसर का निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने मंदिर तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क, सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था, व्यवस्थित पार्किंग, कला मंच और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए लगभग 2.5 किलोमीटर लंबा आकर्षक ग्रीन कॉरिडोर विकसित करने की योजना पर भी चर्चा की गई।
प्रस्तावित ग्रीन कॉरिडोर नहर के किनारे बनाया जाएगा, जहां फूलों के बगीचे, हरित पट्टी, आकर्षक सड़क डिजाइन और पैदल यात्रियों के लिए विशेष पाथ-वे तैयार किया जाएगा। इससे मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को प्राकृतिक और सौंदर्यपूर्ण वातावरण का अनुभव मिल सकेगा। यह कॉरिडोर धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन के लिहाज से भी खास आकर्षण का केंद्र बनेगा।
परियोजना के तहत मंदिर परिसर में एक भव्य स्वागत द्वार का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो बड़े और व्यवस्थित पार्किंग स्थलों का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि त्योहारों और विशेष अवसरों पर आने वाली भीड़ को बेहतर तरीके से व्यवस्थित किया जा सके।
मंदिर परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए महानदी तट पर लगभग 15 फीट ऊंची आकर्षक प्रतिमा स्थापित करने की योजना भी बनाई गई है, जो इस क्षेत्र की एक विशेष पहचान बनेगी। इसके अलावा पर्यटकों के लिए बोटिंग सुविधा विकसित करने की भी तैयारी है। घाटों का सौंदर्यीकरण, बैठने की समुचित व्यवस्था, हरित विकास और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था के माध्यम से पूरे परिसर को धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन के लिहाज से भी विकसित किया जाएगा।
परियोजना के लिए त्रि-आयामी (3-डी) मॉडल भी तैयार कराया गया है, जिसके अनुसार मंदिर परिसर में तीन मंजिला धर्मशाला, भोजन कक्ष, भोजनशाला, सभागार, गार्डन, स्वागत द्वार और अन्य यात्री सुविधाओं का सुव्यवस्थित निर्माण किया जाएगा। इस संपूर्ण परियोजना पर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रुद्रेश्वर घाट और मंदिर परिसर के विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से जल्द शुरू किया जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता चहल सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button