भखारा पुलिस की जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 8 जुआरी गिरफ्तार

धमतरी। जिले में जुआ और अन्य अवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भखारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, वाहन और मोबाइल सहित कुल लगभग 4 लाख 20 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में जुआ और सट्टा पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में भखारा थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम रात्रि गश्त पर निकली हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सेमरा बी के श्मशान घाट के आगे स्टॉप डेम के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भागने में सफल हो गए, जबकि 8 लोगों को मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में लोकेश कुमार सिन्हा (40), मयंक सिन्हा (25), भुपेश्वर सिन्हा (29), हसन खान (38), छबि सोनकर (34), राजू साहु (31), कमलेश सोनकर (38) और राजेश साहु (36) शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना भखारा में अपराध क्रमांक 28/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआरियों के पास से फड़ सहित 9 हजार रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, 6 मोटरसाइकिल, एक हीरो मेस्ट्रो स्कूटी, एक टीवीएस एक्सएल और 8 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 4 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



