छत्तीसगढ़

सहकर्मी के पेट में एयर ब्लोअर से भरी हवा, आंतों में सूजन और संक्रमण, हालत गंभीर

सहकर्मी के पेट में एयर ब्लोअर से भरी हवा, आंतों में सूजन और संक्रमण, हालत गंभीर

रायपुर। आरंग थाना इलाके के ग्राम रसनी स्थित श्री कृष्णा सॉल्वेंट प्लांट में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। प्लांट में नाइट शिफ्ट के दौरान हुए एक मामूली विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक मजदूर ने दूसरे मजदूर के शरीर (मलद्वार) में एयर ब्लोअर मशीन से हवा भर दी। इस जानलेवा कृत्य से पीडि़त की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसका महासमुंद के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 मार्च की रात की है। प्लांट में नाइट शिफ्ट के दौरान आरोपी मजदूर मोती साहू एयर ब्लोअर मशीन से काम कर रहा था, वहीं पीडि़त मजदूर ड्यूटी शुरू करने के लिए अपने कपड़े बदल रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर हल्की नोक-झोंक हो गई। विवाद से आक्रोशित होकर आरोपी मोती साहू ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अचानक पीडि़त के मलद्वार पर एयर ब्लोअर लगा दिया। हवा का दबाव इतना अधिक था कि पीडि़त वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा।

घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने पीडि़त को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे महासमुंद के निजी अस्पताल में रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, शरीर के भीतर हवा के अत्यधिक दबाव के कारण पीडि़त की आंतों में गंभीर सूजन आ गई है और पेट में संक्रमण फैल गया है। फिलहाल उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

मामले की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी मोती साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या के प्रयास का मामला, परिस्थितियों के आधार पर) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button