धमतरी शहर में अचानक बदला मौसम, बारिश के साथ गिरे ओले – जनजीवन प्रभावित, किसानों की चिंता बढ़ी

धमतरी(प्रखर) शहर मे सोमवार शाम लगभग 5 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। देखते ही देखते आसमान में घने बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया। अचानक बदले मौसम के कारण सड़कों पर आवाजाही धीमी पड़ गई और लोग बारिश व ओलों से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर जाते नजर आए।
बारिश और ओलावृष्टि के कारण शहर के कई हिस्सों में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। बाजारों में भी लोगों की आवाजाही कम हो गई। तेज हवा के साथ हुई बारिश ने मौसम को ठंडा जरूर कर दिया, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
मौसम के इस बदलाव का असर आसपास के ग्रामीण इलाकों में किसानों की फसलों पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। खेतों में लगी धान, चना और विभिन्न प्रकार की सब्जियों की फसलों को नुकसान होने की संभावना बताई जा रही है। इसके साथ ही आम के पेड़ों पर लगे बौर और छोटे फलों पर भी ओलावृष्टि का असर पड़ सकता है।
ग्रामीण क्षेत्रों से मिल रही प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कई किसानों ने खेतों में फसलों को लेकर चिंता जताई है। यदि ओलावृष्टि का असर अधिक रहा तो फसलों को नुकसान हो सकता है, जिससे किसानों को आर्थिक हानि का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि मौसम का यह असर मुख्य रूप से धमतरी शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों तक ही सीमित बताया जा रहा है। मौसम साफ होने के बाद स्थिति सामान्य होने लगी, लेकिन अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को कुछ समय के लिए हैरान जरूर कर दिया।



