छत्तीसगढ़

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गुरुमुख सिंह होरा से मीडिया क्लब के सदस्यों की सौजन्य मुलाकात, पत्रकारिता और क्षेत्रीय विकास पर हुई विस्तृत चर्चा


धमतरी(प्रखर)डिस्ट्रिक्ट मीडिया क्लब धमतरी के संरक्षक दीपक लाखोटिया के नेतृत्व में क्लब के सदस्यों ने रायपुर स्थित निवास पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं धमतरी के पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा तथा हरमीत सिंह होरा से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान पत्रकारिता की वर्तमान भूमिका, क्षेत्रीय विकास, सामाजिक सरोकारों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मीडिया क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने धमतरी जिले में पत्रकारों के सामने आने वाली चुनौतियों, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की जिम्मेदारी तथा निष्पक्ष पत्रकारिता के महत्व पर अपने विचार साझा किए। क्लब के संरक्षक दीपक लाखोटिया ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। मीडिया के माध्यम से ही आम जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचती है और समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल होती है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा ने मीडिया की भूमिका को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि समाज में जागरूकता लाने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में पत्रकारों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता से समाज को सही दिशा मिलती है और शासन-प्रशासन भी जनभावनाओं से अवगत होता है।
उन्होंने धमतरी जिले के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा करते हुए कहा कि क्षेत्र की प्रगति के लिए सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। समाज के विकास में मीडिया की सक्रिय भागीदारी से जनसमस्याओं का समाधान और विकास कार्यों को गति मिलती है।
मुलाकात के दौरान हरमीत सिंह होरा ने भी मीडिया क्लब के सदस्यों से संवाद करते हुए कहा कि पत्रकार समाज के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना ही सच्ची पत्रकारिता की पहचान है।
इस दौरान मीडिया क्लब के सदस्यों ने गुरुमुख सिंह होरा और हरमीत सिंह होरा का आत्मीय स्वागत किया तथा विभिन्न सामाजिक और जनहित के विषयों पर चर्चा करते हुए भविष्य में भी संवाद बनाए रखने की बात कही।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट मीडिया क्लब धमतरी के कई सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने पत्रकारिता के माध्यम से समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।इस दौरान क्लब के अध्यक्ष प्रेम मंगेंद्र, महासचिव आशीष मिन्नी , संजय छाजेड़, नरेश राखेचा, राजेश रायचुरा, विशेष लखोटिया, डॉ. भूपेंद्र साहू, पवन तिवारी, दीपेश देवांगन, मयंक केशरवानी, आशीष बंगानी, उपेंद्र साहू, विजय साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button