छत्तीसगढ़

कर्णेश्वर मंदिर सिहावा से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 का शुभारंभ



कुकरेल मंडल से जिले में अभियान की शुरुआत, कार्यकर्ताओं को मिलेगा वैचारिक व तकनीकी प्रशिक्षण
धमतरी(प्रखर) भारतीय जनता पार्टी द्वारा कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 की शुरुआत धमतरी जिले में कुकरेल मंडल से की गई। सिहावा स्थित कर्णेश्वर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के साथ अभियान का शुभारंभ हुआ।
प्रशिक्षण महाभियान के प्रदेश संयोजक डॉ. अवधेश जैन ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसा संगठन है, जो अपने कार्यकर्ताओं को नियमित प्रशिक्षण देकर राष्ट्रभक्ति, सेवा और स्वच्छ राजनीति के मूल्यों से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा के साथ-साथ समाज के बीच प्रभावी कार्य करने के लिए तैयार किया जाता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता रवि दुबे ने भाजपा संगठन के विजय ध्वज का ध्वजारोहण कर महाभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके बाद विभिन्न वक्ताओं ने संगठन की कार्यप्रणाली, विचारधारा, सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को अपनाते हुए कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य कर रहे हैं। यह प्रशिक्षण महाभियान कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्षम एवं सक्रिय बनाएगा।
जिला संयोजक महेंद्र पंडित ने बताया कि जिले के सभी मंडलों में इस अभियान को चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की, ताकि संगठन की विचारधारा को प्रभावी रूप से समाज तक पहुंचाया जा सके।
मंडल अध्यक्ष संजय मरकाम ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कुकरेल मंडल को इस अभियान की शुरुआत का अवसर मिलना गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क, सोशल मीडिया, सेवा कार्यों और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।
जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि प्रशिक्षण महाभियान आगामी दिनों में जिले के सभी मंडलों में आयोजित किया जाएगा।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button