छत्तीसगढ़

भक्ति, आस्था और एकजुटता का संदेश: कुरमातराई में धूमधाम से मनाई गई भक्त माता कर्मा की 1010वीं जयंती

भक्त माता कर्मा की भक्ति में अद्भुत शक्ति थी- कविता योगेश बाबर


धमतरी (प्रखर)ग्राम कुरमातराई में साहू समाज द्वारा भक्त माता कर्मा की 1010वीं जयंती बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। पूरे गांव में धार्मिक माहौल देखने को मिला, जहां समाज के लोगों ने एकजुट होकर भक्ति भाव से कार्यक्रम का आयोजन किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कविता योगेश बाबर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर समाजजनों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने भक्त माता कर्मा की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
सभा को संबोधित करते हुए कविता योगेश बाबर ने कहा कि भक्त माता कर्मा की भक्ति में अद्भुत शक्ति थी। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन भगवान की भक्ति में समर्पित कर दिया। उस समय समाज में भेदभाव, छुआछूत और अमीर-गरीब की खाई गहरी थी, लेकिन माता कर्मा की अटूट श्रद्धा ने इन सभी बंधनों को तोड़ दिया।
उन्होंने माता कर्मा के जीवन का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि जब उन्हें मंदिर में प्रवेश से रोक दिया गया, तब उनकी सच्ची भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान स्वयं उनके घर पधारे और उनके हाथों से खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि सच्चे मन से की गई भक्ति और सेवा से भगवान भी प्रसन्न होकर भक्त के द्वार तक आ जाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आज साहू समाज एक प्रगतिशील समाज के रूप में हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। चाहे वह शिक्षा हो, खेलकूद, सामाजिक कार्य, सांस्कृतिक गतिविधियां या फिर राजनीति का क्षेत्र—हर जगह समाज के लोग निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। यह सफलता समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती और भाईचारे की भावना का परिणाम है।
कार्यक्रम में सरपंच भुनेश्वरी साहू, टेमन साहू, भेष लाल साहू, नरेश कुमार साहू, खिलेंद्र साहू, उपसरपंच मीरा साहू, लाकेश्वरी साहू, रुखमणी साहू, सुनील साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जिसने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button