छत्तीसगढ़

मनरेगा बचाओ संग्राम: जिलाध्यक्ष तारणी चंद्राकर के नेतृत्व में कुरूद से कांग्रेसियों का विशाल काफिला विधानसभा घेराव के लिए रायपुर रवाना


कुरूद। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत छत्तीसगढ़ विधानसभा घेराव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मंगलवार को कुरूद ब्लॉक मुख्यालय से जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के जिलाध्यक्ष तारणी चंद्राकर के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसियों का विशाल काफिला राजधानी रायपुर के लिए रवाना हुआ।
दोपहर करीब 12 बजे कुरूद से करीब 110 वाहनों का लंबा काफिला नारों और जोश के साथ निकला। कार्यकर्ताओं ने मनरेगा योजना को बचाने, मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करने और प्रदेश सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से विधानसभा घेराव में शामिल होने का संकल्प लिया। काफिले के रवाना होते समय पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म नजर आया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर रहा।
जिलाध्यक्ष तारणी चंद्राकर ने कहा कि मनरेगा गरीब और ग्रामीण मजदूरों के लिए जीवन रेखा है, और इस योजना को कमजोर करने या उसमें किसी भी प्रकार की कटौती को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा घेराव के माध्यम से सरकार का ध्यान आम जनता की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा।
इस काफिले में जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, कविता बाबर, शारदा साहू, ब्लॉक अध्यक्ष महिम शुक्ला, होमेंद्र साहू, पूर्व अध्यक्ष आशीष शर्मा, राजू साहू, डीहुराम साहू, रमेसर साहू, जानसिंग यादव, लकेश्वर साहू, नारद साहू, प्रमोद सिन्हा, बिट्टू गौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कुरूद से निकला यह काफिला रायपुर पहुंचकर प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन में शामिल होगा, जहां हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित होकर विधानसभा का घेराव करेंगे। इस दौरान सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मनरेगा बचाओ संग्राम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह प्रदर्शन प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण हलचल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में राजनीतिक माहौल और अधिक सक्रिय होने की संभावना है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button