छत्तीसगढ़

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025: महापौर रामू रोहरा की बैठक, धमतरी को नंबर वन बनाने का संकल्प


धमतरी(प्रखर)स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों को लेकर नगर पालिका निगम धमतरी में महापौर रामू रोहरा एवं स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष निलेश लुनिया के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। निगम के सभा कक्ष में हुई इस बैठक में विभिन्न एनजीओ, सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ठोस और व्यापक कार्ययोजना तैयार करना रहा। महापौर रामू रोहरा ने स्वच्छता सर्वेक्षण के विभिन्न मापदंडों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उपस्थित प्रतिनिधियों से सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धमतरी को नंबर वन बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, लेकिन इसके लिए जनसहभागिता सबसे अहम भूमिका निभाएगी।
महापौर ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने एनजीओ और समाजसेवियों से अपील की कि वे व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करें।
बैठक में कचरा प्रबंधन, डोर-टू-डोर कलेक्शन, प्लास्टिक उपयोग पर नियंत्रण, सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई और नागरिकों की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। साथ ही शहर में स्वच्छता को लेकर सकारात्मक माहौल बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई।
उपायुक्त पीसी सार्वा ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नगर निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। बैठक में मिले सुझावों के आधार पर जल्द ही प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाएगी।
अंत में महापौर ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से धमतरी को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जा सकती है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button